पुरवा। शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस में नगर पंचायत कटरा और गांव दरेहटा के लोगों ने डीएम रवींद्र कुमार को प्रार्थनापत्र देकर बिजली कनेक्शन दिलाने की गुहार लगाई। शुभम त्रिवेदी, मनीष, राधेलाल, मोतीलाल व सत्यनारायण ने बताया कि निकाय विस्तार में पांच वर्ष पूर्व कटरा गांव नगर पंचायत में शामिल हुआ था। उन लोगों ने अपने घर बनवाए तो बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया। आज तक कनेक्शन नहीं मिल पाया है। दरेहटा गांव के श्याम प्रकाश प्रजापति ने दिए बताया कि उनके गांव में 15 घर बने हैं। किसी भी घर में बिजली कनेक्शन नहीं है। डीएम ने कनेक्शन दिलाने का आश्वासन दिया।
गोनामऊ के परमेश्वर ने कोटेदार द्वारा खुद का अंत्योदय राशनकार्ड बनवाए जाने की शिकायत की। डीएम ने आपूर्ति निरीक्षक को जांच के बाद कोटेदार पर कार्रवाई के आदेश दिए। 40 साल पूर्व पिता को आवंटित भूमि पर कब्जा न मिलने की बात कहते हुए भूपखेड़ा की सोनी फफक पड़ी। समाधान दिवस में आईजी लक्ष्मी सिंह भी पहुंची। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कागजों पर शिकायतों का निस्तारण न करें। मौके पर जाकर जांच करें। इस दौरान 131 शिकायतों में मात्र 12 का ही निस्तारण हो सका। कस्बे के योगेंद्र द्विवेदी ने पुरवा मोहनलालगंज मार्ग के टू लेन निर्माण में लिंक रोड नीचे होने और रैंप न बनने की शिकायत की। डीएम ने शिकायतें अधिक मिलने पर मौरावां एसओ से नाराजगी जताई। डीएम के पूछने पर सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रमोद कुमार ने चमियानी व गढ़ाकोला पीएचसी में डॉक्टर न होने की जानकारी दी। इस दौरान एसपी दिनेश त्रिपाठी, डीएफओ ईशा तिवारी, एसडीएम रामेश्वर प्रसाद मौजूद रहे।