उन्नाव। दिन में दो बार हुई तेज बारिश से शहर में हर तरफ जलभराव हो गया। उफनाए नाली-नालों ने नगर पालिका के दावों की भी पोल खोल दी।
शनिवार दोपहर बीस मिनट और शाम को एक घंटे की बारिश से पूरा शहर पानी-पानी हो गया। जलभराव की चपेट में डीएम आवास, एसपी कार्यालय से लेकर शहर के अधिकांश मोहल्ले रहे। कचौड़ी गली, वीडी मार्केट, स्टेशन रोड, मोती नगर में पानी दुकानों में भर गया। सविल लाइंस सहित कई मोहल्लों में पानी घरों के भीतर घुस गया। सिविल लाइन पूरब खेड़ा, पूरन नगर, रामपुरी, बंधूहार, बाबूगंज, तकी नगर, मोती नगर, शिवनगर, पीतांबर नगर और कल्याणी सहित कई मोहल्ले जलमग्न हो गए। नगर पालिका के प्रभारी ईओ एसएन यादव ने बताया कि नालों की सफाई लगातार कराई जा रही है। जिला कृषि अधिकारी कुलदीप मिश्रा ने बताया कि बारिश से धान की फसल को लाभ होगा।