Unnao Accident: ट्रैक्टर से गिरा बच्चा, पहिये से कुचलकर मौत, परिजनों का हंगामा, जांच में जुटी पुलिस
परिजनों ने बताया कि टेंट हाउस का चालक बिना बताए बच्चे को अपने साथ लेकर चला गया था। हादसे का शिकार हुआ मृतक माता-पिता की इकलौती संतान था। अपराध निरीक्षक उमेश त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों ने तहरीर नहीं दी है
विस्तार
उन्नाव जिले के बांगरमऊ थाना क्षेत्र मं टेंट का सामान उतारने जा रहा ट्रैक्टर चालक, पड़ोसी के 11 साल के बच्चे को घुमाने के लिए अपने साथ लेकर गया। लौटते समय रास्ते में चालक ने तेज ब्रेक लगाई तो बच्चा ट्रैक्टर से गिरकर पहिये के नीचे चला गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने हंगामा शुरू किया, तो चालक भाग निकला। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ख्वाजगीपुर हेम्मा गांव निवासी ट्रैक्टर चालक सोमवार दोपहर ट्रॉली में टेंट का समान लादकर पड़ोस के गांव साईंपुर सगौड़ा गया था।
यहां से जाते समय ही वह गांव के ही गुड्डू के बेटे शैलेंद्र (11) को घुमाने की बात कहकर साथ लेकर चला गया। सामान उतारने के बाद वह लौट रहा था। गांव से कुछ दूर पहले चंदनलाल के खेत के पास गड्ढा देख चालक ने ब्रेक लगाई तो झटका लगने से शैलेंद्र ट्रैक्टर से नीचे गिर गया।
इसके बाद पहिया उसके ऊपर से निकल गया। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना घर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम हाउस भेजने के साथ ट्रैक्टर को कब्जे में लिया है। मृतक के पिता गुड्डू महाराष्ट्र में मजदूरी करता है।
परिजनों ने बताया कि टेंट हाउस का चालक बिना बताए बच्चे को अपने साथ लेकर चला गया था। हादसे का शिकार हुआ मृतक माता-पिता की इकलौती संतान था। अपराध निरीक्षक उमेश त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। मृतक के पिता के आने का इंतजार कर रहे हैं।