हसनगंज(उन्नाव)। मोहान के मोहल्ला सलखेमऊ निवासी जमाती की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद एसडीएम, सीओ व ईओ सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम उसके घर पहुंची। यहां जमाती के परिवार के 9 सदस्यों की थर्मल स्क्रीनिंग कराने के बाद मोहान कस्बे के बाहर एक स्कूल में क्वारंटीन किया गया है। वहीं, पड़ोस में रहने वाले मोहान नगर पंचायत अध्यक्ष व उनके परिवार के 9 सदस्यों को होम क्वारंटीन किया गया है। एसडीएम के निर्देश पर मोहल्ले को सैनिटाइज कराने के साथ ही एक किलोमीटर का क्षेत्र सील कर दिया गया है।
मोहान कस्बे के जमाती के पॉजिटिव मिलने के बाद एसडीएम हसनगंज प्रदीप कुमार वर्मा, सीओ कृपाशंकर, ईओ रुक्मणि बिस्ट, कोतवाल अरुण प्रताप सिंह के साथ सीएचसी प्रभारी पवन कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्वास्थ्य टीम ने जमाती के परिवार में शामिल माता-पिता के साथ तीन भाई व चार बहनों की थर्मल स्क्रीनिंग की और मोहान कस्बे के बाहर बने क्वारंटीन सेंटर गांधी मिशन इंटर कॉलेज में 14 दिन के लिए क्वारंटीन कराया। वहीं, पड़ोस में रहने वाले नगर पंचायत अध्यक्ष व उनके परिवार के नौ सदस्यों को एहतियात के तौर पर होम क्वारंटीन किया गया है। एसडीए के निर्देश पर ईओ ने 12 मोहल्लों को सैनिटाइज कराया है। वहीं, मोहान कस्बे के एक किलोमीटर दायरे में छह बैरीकेडिंग लगाकर सील कर दी गई है। दिन-रात निगरानी के लिए 24 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।