उन्नाव। बार एसोसिएशन अध्यक्ष के पहनावे को लेकर एक न्यायिक अधिकारी की ओर से की गई टिप्पणी के विरोध में दूसरे दिन भी अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। अधिवक्ता बार एसोसिएशन भवन से पैदल चलकर न्यायालय परिसर पहुंचे और नारेबाजी की। दरी बिछाकर जमीन पर बैठ गए। दूसरे दिन भी रजिस्ट्री कार्यालय में काम नहीं होने दिया।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष सतीश कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में सुबह 10:30 बजे अधिवक्ताओं की बैठक हुई। अध्यक्ष ने कहा कि न्यायालयों में प्राइवेट कर्मचारियों से काम कराया जाता है। इससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है। टोपी, चश्मा पर अपत्ति जताते हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक के बाद अधिवक्ता प्रदर्शन करते हुए न्यायालय पहुंचे। वहां नारेबाजी की और परिसर में जमीन पर बैठ गए। एक घंटे बाद सभी लौटे और रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचकर काम बंद करा दिया। इससे रजिस्ट्री कराने आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष गिरीश मिश्रा, नरेंद्र अवस्थी, शिव प्रसाद पांडेय, पवन अवस्थी, मिर्जा जाहिर अली बेग, धरमंगल सिंह यादव, अनुराग बाजपेयी, संजय कुमार शुक्ला मौजूद रहे।