{"_id":"4edafd56ef5bc3f7db029e380886964c","slug":"achalganj-chc-doctors-violence-demolition-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"अचलगंज सीएचसी में डॉक्टरों से मारपीट, तोड़फोड़","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अचलगंज सीएचसी में डॉक्टरों से मारपीट, तोड़फोड़
ब्यूरो/अमर उजाला, उन्नाव
Updated Thu, 26 Mar 2015 11:25 PM IST
विज्ञापन
अचलगंज। इलाज में लापरवाही से नाराज मरीजों के तीमारदारों ने गुरुवार रात करीब नौ बजे सीएचसी प्रभारी समेत पूरे स्टाफ के साथ मारपीट की और सीएचसी में जमकर तोड़फोड़ की।
विज्ञापन
डॉक्टरों और कर्मचारियों ने छिपकर जान बचाई। सूचना पर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे मगर तबतक सभी तीमारदार मरीजों को लेकर जा चुके थे। पुलिस सीएचसी प्रभारी की तहरीर पर कार्रवाई की बात कह रही है।
विज्ञापन
अचलगंज थानाक्षेत्र के जोजापुर गांव में प्रसाद खाने के बाद फूड प्वाइजनिंग के शिकार हुए लोगों का सही से इलाज न होने की बात कहते हुए हंगामा शुरू कर दिया। तीमारदार मरीजों को जिला अस्पताल या कानपुर रेफर करने की मांग करते हुए एंबुलेंस की मांग करने लगे।
विज्ञापन
इसपर डॉक्टरों ने अस्पताल से एंबुलेंस न मिलने की बात कहते हुए 108 नंबर डायल करने को कहा। रात करीब नौ बजे मरीजों के परिजन आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे। अस्पताल कर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया तो भीड़ ने सीएचसी प्रभारी डॉ. केके आदिम, डॉ. सौरभ सचान और डॉ राजेंद्र प्रसाद से धक्कामुक्की करने लगे। फार्मेसिस्ट वेद प्रकाश, वार्ड ब्वाय राजेश कुमार और स्टाफ नर्स इंद्रावती ने बचाने का प्रयास किया तो लोगों ने उनके साथ भी मारपीट की।
डॉक्टरों और स्टाफ ने अस्पताल में छिपकर खुद को बचाया। नाराज भीड़ ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, दवा वितरण कक्ष और डॉक्टरों के कक्ष व कार्यालय की खिड़कियों और दरवाजे के शीशे तोड़ डाले। तोड़फोड़ करने के बाद सभी अपने-अपने मरीजों को अन्य वाहनों से लेकर चले गए। सूचना पर थानाध्यक्ष प्रदीप यादव तमाम सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे मगर तबतक सभी हमलावर भाग चुके थे।
सीएचसी प्रभारी डॉ. केके आदिम ने बताया कि मारपीट करने वाले सभी लोग मरीजों के तीमारदार थे। उन्होंने बताया कि सही इलाज न करने का आरोप सरासर गलत है। उन्होंने बताया कि वह तहरीर देकर मरीजों और उनके तीमारदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा रहे हैं। थानाध्यक्ष प्रदीप यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।