लुटेरों ने ट्रेनों को लूटा, खाकी ने यात्रियों को रुलाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुरादाबाद में ट्रेनों में लूटपाट की घटनाओं का सिलसिला रुक नहीं रहा है। गुरुवार को लिंक एक्सप्रेस में अलीगढ़ के पास यात्रियों के साथ लूटपाट हुई। दो स्लीपर कोचों से बदमाश महिलाओं के बैग छीनकर चलती ट्रेन से कूद गए। इलाहाबाद से चलने वाली संगम एक्सप्रेस सुबह अपने निर्धारित समय पर अलीगढ़ आकर खड़ी हुई। ट्रेन के आधे कोच संगम एक्सप्रेस के तौर पर मेरठ रवाना हो गए। दूसरा हिस्सा लिंक एक्सप्रेस के रूप में देहरादून के लिए रवाना हुई।
एस-7 कोच में इटावा के रहने वाले रवि तोमर अपनी पत्नी उपासना तोमर के साथ एक नंबर सीट पर बैठे हुए थे। सुबह पौने पांच बजे ट्रेन ने जैसे ही सरकनी शुरू हुई, पहले से ही घात लगाए बदमाशों ने उपासना तोमर का बैग छीन लिया। दूसरे बदमाशों ने अन्य महिलाओं का बैग झपटा और जैसे ही महिलाओं ने शोर मचाया तो चलती ट्रेन से कूद गए। उपासना तोमर ने बताया कि खिड़की पर खड़े दो युवकों में से एक ने उनके बैग पर झपट्टा मारा और दूसरे ने समाने वाली सीट पर बैठीं जमुना रतूड़ी का बैग छीन लिया।
जब तक वे उन्हें रोकते तब तक दोनों चलती ट्रेन से कूद गए। रवि तोमर ने बताया कि चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोका गया। लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका। नीचे उतरे यात्रियों से पता चला कि एस-6 कोच में दो महिलाओं से इसी तरह से बैग छीनकर बदमाश भागे थे। उपासना ने बताया कि उसके पति हरिद्वार की कंपनी में काम करते हैं। इटावा में शादी कार्यक्रम में शामिल होकर हरिद्वार लौट रहे थे। उनके पर्स में एक मंगलसूत्र, दो जोड़ी टाप्स, दो जोड़ी पायल, एक डायमंड रिंग रखे हुए थे।
रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए खाते रहे ठोकरें
ट्रेनों में लूट की घटनाओं के बाद से मंडल थर्राया हुआ है। डकैती के खुलासे के लिए डीआईजी मुरादाबाद में डेरा डाले हुए हैं। इसके बावजूद लूट का शिकार हुए यात्रियों को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए धक्के खाने पड़े। हालत यह रही कि उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई।
रवि तोमर ने बताया कि ट्रेन के चंदौसी पहुंचने पर सभी लोग थाने पहुंचे। वहां पूरी घटना बताने के बाद उनसे तहरीर लिखने को कहा गया। लेकिन तहरीर लेने की खानापूर्ति में काफी समय लगा दिया। इसी दौरान ट्रेन चल दी तो वे बिना तहरीर दिए ही ट्रेन में चढ़ गए। मुरादाबाद पहुंचने पर थाने पहुंचे यहां भी ऐसा ही हाल रहा। छह लोगों की ट्रेन छूट गई। उसके पीछे आ रही राप्ती गंगा एक्सप्रेस पकड़ी।
नजीबाबाद में राप्ती गंगा ने लिंक एक्सप्रेस को क्रास किया। वहां से लिंक पकड़कर हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने बताया कि हरिद्वार में आरपीएफ को तहरीर दी। लेकिन वहां रिपोर्ट लिखने से मना कर दिया। अलीगढ़ का फैक्स नंबर देकर तहरीर फैक्स करने की बात कहकर लौटा दिया। रवि ने बताया इतनी परेशानी उठाने के बावजूद उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी।
किसान एक्सप्रेस में लुटेरों का धावा
मुरादाबाद में चार-चार वीआईपी ट्रेनें लुटने के 48 घंटे बाद ही बदमाशों ने धनबाद जा रही किसान एक्सप्रेस में बृहस्पतिवार दिनदहाड़े धावा बोल दिया। स्लीपर कोच में घुसे बदमाशों ने गोंडा के दंपति को निशाना बनाया और दस हजार की नकदी और कीमत सामान झपट लिया। आंझी शाहबाद के पास ट्रेन की रफ्तार कम होने पर वे कूद गए। एक बदमाश यात्रियों के हत्थे चढ़ गया। उसकी पिटाई कर हरदोई जीआरपी को सौंप दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे जंक्शन से छूटी किसान मेल की एस-4 बोगी में सवार कुछ संदिग्धों ने फरीदपुर से ट्रेन के निकलते ही यात्रियों के सामान की ताकाझांकी शुरू कर दी। आरक्षित सीटों पर कब्जा जमाने का यात्रियों ने विरोध किया तो वे मारपीट पर आमादा हो गए। शाहजहांपुर से ट्रेन आगे बढ़ी तो ऊपर की बर्थ पर एक बदमाश ने लुधियाना से लौट रहे गोंडा के मनकापुर निवासी संजय वर्मा की अटैची पेचकश से खोल ली। नीचे की बर्थ पर लेटी उनकी पत्नी संजू देवी ने शोर मचाया तो बदमाश मारपीट पर उतारू हो गए।
इस दौरान बदमाश ने अटैची से निकाली दस हजार नकदी और कुछ सामान साथियों को दे दिया। पकड़े जाने पर उसने सारा सामान साथियों के हवाले कर दिया। यात्री कुछ समझ पाते इससे पहले आंझी शाहबाद के पास ट्रेन के धीमी होने पर बदमाश भाग गए। इधर पकड़े गए बदमाश की यात्रियों ने पिटाई कर दी। बोगी में हंगामा मच गया। ट्रेन में सवार दवा कारोबारी विजय मूलचंदानी और अन्य लोगों ने यात्रियों का गुस्सा शांत कराया। हरदोई स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने पर बदमाश को जीआरपी को सौंप दिया गया। यात्री संजय की ओर से जीआरपी ने तहरीर ले ली है लेकिन देर शाम तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।