डकैत बोगियों का गेट पीटते रहे, खिड़कियों से की फायरिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के भरथना में सुनियोजित तरीके से संगम एक्सप्रेस पर धावा बोलने वाले डकैत पूरी ट्रेन को लूटने की फिराक में थे। नीचे खड़े डकैतों की संख्या से लग रहा था कि हर बोगी उनके निशाने पर है। हर बोगी को खुलवाने की भी कोशिश हुई, लेकिन यात्रियों के झुंड ने अंदर से दरवाजे को मजबूती से दबाए रखा।
नाकामी पर डकैतों ने खिड़कियों से बोगी के अंदर फायरिंग भी की। संगम एक्सप्रेस में डकैतों का कहर झेलने वाले यात्रियों ने मेरठ पहुंचने पर आपबीती में इस बात का खुलासा किया। हर यात्री की जुबान डकैतों के साथ ही पुलिस और सरकार के खिलाफ जहर उगल रही थी।
मेरठ ब्यूरो से मिली जानकारी के मुताबिक मेरठ के वरिष्ठ अधिवक्ता और बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश फार्मर चेयरमैन रोहिताश्व कुमार अग्रवाल भी इसी ट्रेन से इलाहाबाद से मेरठ जा रहे थे। वह एसी कोच में बर्थ-45 पर थे। उनके पास 43 नंबर बर्थ पर इलाहाबाद निवासी सपा नेता सतीश कुमार भी सफर कर रहे थे। एसी कोच में ही हमीरपुर की जिला जज सुशीला सिंह भी मेरठ जा रही थीं।
कंट्रोल रूम ने नहीं उठाया फोन
रोहिताश्व ने बताया कि जब बदमाशों ने लूटपाट मचाई, तो इटावा पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क किया, मगर कॉल रिसीव नहीं हुई। इससे वे सभी अपनी सुरक्षा को लेकर परेशान हो गए। वे जिस कोच में थे, उसके पास में ही लगे एस-2 और एस-3 में डकैत लूटपाट मचा रहे थे। थोड़ी देर में डकैत उनके कोच का भी दरवाजा पीटने लगे।
उनके कोच पर डकैतों का धावा जानकर कोच में यात्रा कर रहे इंदु, भुवनेश्वर, और रोहित ने दरवाजे का कुंडा कपड़े से लपेटकर बंद कर दिया। बदमाश दरवाजा पीटते रहे और खोलने की कोशिश की, मगर दरवाजा खुल नहीं सका। इस तरह से हम सभी लोग बच गए। उन्होंने बताया कि इसी तरह से हर कोच को खुलवाने की कोशिश हुई लेकिन डकैत अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।
इसी तरह से चंदौसी ब्यूरो से मिली जानकारी के मुताबिक चंदौसी के डॉ. वीरेश सिंह और संभल के दानिश ने सूझबूझ दिखाते हुए यात्रियों को लुटने से बचाया। कोच नंबर सात की सीट नंबर एक पर सफर करने वाले डॉ. वीरेश सिंह ने बताया कि रात करीब एक बजे लुटेरों ने कोच में घुसने का प्रयास किया लेकिन एक 60 वर्षीय बुजुर्ग ने तुरंत दरवाजा बंद कर दिया। टीटीई भागते हुए आए और दोनों ओर के शटर गिरा दिए। इस पर बदमाशों ने खिड़की से फायरिंग की। आखिरकार सभी ने हिम्मत दिखाई और कोच के दरवाजों को मजबूती से बाहर की ओर झेलते रहे।
सपा नेता ने भेजा इस्तीफा
ट्रेन में हुई डकैती से आहत सपा नेता सतीश कुमार अग्रवाल ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को इस्तीफा भेज दिया। वरिष्ठ अधिवक्ता रोहिताश्व अग्रवाल के घर पहुंचे सतीश कुमार अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था तार तार हो चुकी है। इसी से आहत होकर इस्तीफा भेजा है। वो सपा के प्रदेश सचिव रहे चुके हैं।
कैसे होगी सुरक्षा, सीट बेचते हैं पुलिस वाले
कुछ यात्रियों ने बताया कि इटावा और भरथना के आसपास अक्सर लूटपाट की वारदात होती हैं, मगर पुलिस वाले कुछ नहीं कर पाते। रोजाना ही जनरल के एक डिब्बे पर जीआरपी के जवान अपना कब्जा कर लेते हैं और 100 से 200 रुपये लेकर सीट बेच देते हैं। यह खेल लंबे समय से चल रहा है। सब जानकारी में होते हुए भी अधिकारी कार्रवाई करने को तैयार नहीं हैं।
संगम डकैती कांड एसओजी के हवाले
संगम एक्सप्रेस में डकैती की वारदात को अंजाम देने वालों की धरपकड़ के लिए स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीम को लगाया है। इसके साथ ही जीआरपी और सिविल पुलिस ने पूरी तरह कमर कस ली है। सिविल पुलिस की तीन टीमें व जीआरपी के तीन थानों का फोर्स लुटेरों की तलाश में जुटा है।
एसपी जीआरपी वजीह अहमद व सीओ सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि लुटेरों की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। कोतवाली व इकदिल थाना पुलिस की संयुक्त टीम के साथ क्राइम ब्रांच व भरथना पुलिस टीम लुटेरों की तलाश में जुटी है। वहीं जीआरपी इटावा सहित टूंडला व फिरोजाबाद थानों का फोर्स व जीआरपी की एसओजी टीम भी लुटेरों की तलाश में है।
सभी टीमों ने अपने-अपने स्तर पर मुखबिरों का जाल बिछाना शुरू कर दिया है। कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है। जल्द से जल्द मामले का खुलासा किए जाने का दावा पुलिस से लेकर जीआरपी कर रही है। सूत्र बताते हैं कि लुटेरों की तलाश में जुटी टीमों ने अपने-अपने स्तर पर कई अहम सुराग भी जुटाए हैं।