मुरादाबाद: तीन सहेलियों के साथ दिल दहलाने वाला हादसा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मंगलवार को मुरादाबाद के मूंढापांडे क्षेत्र के गांव झौंडा में दिल दहलाने वाला हादसा हुआ। यहां तालाब के किनारे पर नहा रहीं तीन सहेलियां एक दूसरे को बचाने में डूब गईं। एक किशोरी का शव तो गोताखोरों ने बरामद कर लिया जबकि दो का कोई सुराग नहीं लगा है।
उफनी रामगंगा का पानी मूंढापांडे क्षेत्र के कई गांवों को घेरे है। झौंडा गांव भी बाढ़ की चपेट में है। गांव के तालाब और सड़कें पानी से लबालब होने की वजह से एक जैसे ही दिखाई दे रहे हैं। मंगलवार की दोपहर को करीब डेढ़ बजे गांव के महेंद्र ठाकुर की बेटी सोनी (16), बबलू ठाकुर की बेटी शिवानी (15) और श्रीपाल ठाकुर की बेटी गौरी (16) उफने तालाब को देखने चली गईं। तीनों किनारे पर ही खड़ी थीं।
किनारे पर कम पानी था लिहाजा वहां नहाने उतर गईं। सोनी ने जैसे ही तालाब में पैर रखा वह तेज बहाव में बहने लगी। सोनी को बचाने के लिए शिवानी भी तालाब में चली गई। पानी के बहाव में वह भी खुद को नहीं रोक पाई और बह गई। दोनों सहेलियों को बचाने के लिए गौरी भी आगे बढ़ी और वह भी बह गई। कुछ दूरी पर खड़े लोग जब तक दौड़े तीनों ही सहेलियां तालाब में डूब गईं थीं।
एक सहेली का शव बरामद
इन्हें ढूंढने के लिए तालाब में कूद गए। करीब दो घंटे हाथ पांव मारने के बाद सोनी का शव तालाब से बरामद किया गया। शिवानी और गौरी की तलाश देर शाम तक चलती रही लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
अंधेरा हो जाने के कारण आपरेशन रोक दिया गया था। अब बुधवार की सुबह से फिर किशोरियों की तलाश में आपरेशन चलेगा। एक किशोरी की मौत और दो के डूबने से गांव में कोहराम मच गया है।
तहसीलदार कुलदीप सिंह ने मौके से लौटने के बाद बताया कि तेज पानी के बहाव की वजह से यह हादसा हुआ। बार-बार कहने के बाद भी बच्चे पानी के करीब जा रहे हैं जिससे हादसे हो रहे हैं। किशोरियों को ढूंढने के लिए बुधवार को अभियान चलाया जाएगा।