अखंडनगर। अयोध्या-वाराणसी रेलखंड स्थित तुलसीनगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से नाराज ग्रामीणों का आक्रोश सोमवार को फूट पड़ा। ब्लॉक क्षेत्र व आसपास के गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में स्टेशन पहुंचे, प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। इसकी जानकारी होने पर रेल अधिकारी सुभाष यादव मौके पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें रेल मंत्री को संबोधित ज्ञापन भी सौंपा।
तुलसीनगर रेलवे स्टेशन अयोध्या और वाराणसी को जोड़ने वाला एक ऐसा स्टेशन है, जहां से 30-35 गांवों के लोग यात्रा करते हैं। इस स्टेशन के अगल-बगल करीब 10 किमी के अंतराल पर मालीपुर व बिलवाई स्टेशन पड़ते हैं, जहां से ट्रेन पकड़ने में दिक्कत होती है। कई बार मांग करने के बावजूद एक भी ट्रेन का स्टापेज तुलसीनगर में नहीं किया गया। ग्रामीण विमल दुबे ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस स्टेशन पर करीब 10 वर्ष पहले पैसेंजर गाड़ियों का स्टापेज होता था।
इससे लोगों को सहूलियत होती थी, ट्रेनों का ठहराव बंद है। उन्होंने कहा कि ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से आसपास क्षेत्र के करीब 20 हजार लोग प्रभावित हो रहे हैं। इस संबंध में पूर्व भाजपा विधायक देवमणि दुबे से वार्ता की गई है। पूर्व विधायक ने आश्वासन देते हुए हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया है। प्रदर्शन करने वालों में विधान पांडेय, संदीप दुबे, मंगला मिश्र समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक ट्रेनों के ठहराव की मांग पूरी नहीं हो जाती, यह धरना अनवरत जारी रहेगा।