Sultanpur: शिक्षक ने कक्षा तीन की छात्रा को कार में जबरदस्ती बैठाया...चाकू से डराया; स्कूल में जमकर हंगामा
सुल्तानपुर में कक्षा तीन की छात्रा को स्कूल के शिक्षक ने जबरन कार में बैठाकर अगवा कर लिया और चाकू से धमकाया। दो घंटे बाद बच्ची को छोड़ दिया गया। मामले में आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर निलंबित कर दिया गया है। स्कूल में हंगामा भी हुआ।
विस्तार
सुल्तानपुर में छुट्टी के बाद घर जाने के लिए निकली कक्षा तीन की छात्रा का मंगलवार को स्कूल के ही शिक्षक पीपी कमैचा निवासी अब्दुल रशीद मोलवी ने अपहरण कर लिया। उसे चार पहिया वाहन में बिठाकर सुनसान स्थान पर ले गया। इस दौरान उसने बच्ची को चिल्लाने पर चाकू से गला काटने की धमकी भी दी।
डरी सहमी बच्ची को दो घंटे बाद एक मस्जिद के पास छोड़कर आरोपी भाग निकला। किसी तरह एक किमी की दूरी तयकर बच्ची घर पहुंची और काफी देर बाद घटना के बारे में परिजनों से बताया। बुधवार को परिजन ग्रामीणों के साथ स्कूल पहुंचे और हंगामा किया। बीएसए ने आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया है। उधर, चांदा पुलिस ने प्राथमिकी दर्जकर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार किया है।
सुबह वह घर से स्कूल गई थी
चांदा के एक गांव निवासी व्यक्ति के अनुसार, उनकी नातिन (07) एक परिषदीय विद्यालय में कक्षा तीन की छात्रा है। मंगलवार सुबह वह घर से स्कूल गई थी। आरोप है कि दोपहर करीब 3:30 बजे छुट्टी के बाद आरोपी शिक्षक अब्दुल रशीद ने पीड़िता को बहला-फुसलाकर चार पहिया वाहन में बैठा लिया।
सिर पर गमछा बांधकर ले गया था
इसके बाद आरोपी शिक्षक उसके सिर पर गमछा बांधकर उसे अज्ञात स्थान पर ले गया। करीब दो घंटे बाद आरोपी शिक्षक छात्रा को घर से लगभग एक किमी की दूरी पर छोड़ गया। दहशत में आई छात्रा किसी तरह रोते हुए अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताया। परिजनों का आरोप है कि आरोपी शिक्षक ने चाकू दिखाकर उसे डराया-धमकाया था।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी शिक्षक का आचरण संदिग्ध है और वह पहले भी बच्चों के साथ इस तरह की हरकत कर चुका है। बुधवार को परिजनों ने प्रकरण की शिकायत शिक्षा विभाग के अधिकारियों से की। इसके बाद चांदा थाने में तहरीर दी गई।
पुलिस ने कही ये बात
चांदा थाने के प्रभारी निरीक्षक अमित मिश्र ने बताया कि आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेजा गया। बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता ने बताया कि पीपी कमैचा खंड शिक्षा अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। प्रकरण की जांच बीईओ करौंदीकला को दी गई है। बुधवार को आरोपी शिक्षक अनुपस्थित था।