सुल्तानपुर। दिन में तेज धूप के साथ उमस व रात को तापमान में नमी से लोगों की प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो रही है। इससे लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। बुखार, सर्दी, खांसी, सिरदर्द और अन्य वायरल बीमारियों से पीड़ित होकर लोग मेडिकल काॅलेज में इलाज के लिए आ रहे हैं। पुरुष व महिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ बढ़ गई है। सोमवार को पुरुष अस्पताल में 1920 मरीजों ने पंजीकरण कराया। सीमित काउंटर होने से मरीजों को दवा व जांच के लिए भटकना पड़ा। सोमवार सुबह आठ बजे मेडिकल कॉलेज की ओपीडी खुलते ही मरीजों की कतार लग गई। इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में आए श्रीनाथ ने बताया कि बुखार होने पर डॉक्टर को दिखाया।
दवा लेने के लिए एक घंटे से कतार में लगे हैं। सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बज गए हैं, अभी तक फुरसत नहीं मिली। रामकुमार ने बताया कि आंख में जलन हो रही थी। सुबह पर्ची बनवाने से लेकर इलाज कराने के बाद दवा लेने तक हर जगह कतार में लगते हुए चार घंटा बीत गया, अभी तक दवा नहीं मिल पाई है। सैंपल देने के लिए वॉयल लेने वाले काउंटर पर लंबी भीड़ है।