Sultanpur: नियमों को दरकिनार कर ईदगाह के पास खुली शराब की दुकान, लोगों में आक्रोश, कार्रवाई की मांग
सुल्तानपुर में ईदगाह के पास शराब की दुकान खोलने को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई है और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। शराब की दुकान ईदगाह से 60-65 मीटर दूर ही खोल दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी सरकार की आबकारी नीति के अनुसार किसी भी शराब की दुकान को स्कूल, कॉलेज या धार्मिक स्थलों से कम से कम 100 मीटर की दूरी पर संचालित किया जाना चाहिए लेकिन मोतिगरपुर थाने के चौहानपुर बाजार में स्थित ईदगाह से करीब 60-65 मीटर की दूरी पर देशी शराब की दुकान खोल दी गई है। जिससे लोगों में नाराजगी है।
चौहानपुर निवासी मो. नईम शेख का कहना है कि धार्मिक स्थल के पास शराब की दुकान खुलने से सामाजिक माहौल पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। दिलशाद अहमद ने प्रशासन से नियमों के उल्लंघन को संज्ञान में लेने और तत्काल इस दुकान को स्थानांतरित कराने की मांग की है। गांव निवासी सायरा बानो का कहना है कि ईदगाह के पास शराब की दुकान खुलने से बहुत परेशानी हो रही है। पति साथ नहीं रहता है। ऐसे में शराबियों के जमावड़े से काफी समस्या होती है। इस बाबत आबकारी निरीक्षक जयसिंहपुर संजय उपाध्याय ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा आईजीआरएस पर शिकायत दर्ज कराई गई है। 9 अप्रैल तक शिकायत की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी चर्चा में रही है ईदगाह..
चौहानपुर स्थित ईदगाह को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। 4 जून 2019 की रात सामाजिक तत्वों ने ईदगाह की दीवार और बाहर लगे पेड़ों पर जय श्रीराम के पोस्टर लगाकर माहौल बिगड़ने की कोशिश की थी। स्थानीय पुलिस की सूझबूझ से मामला शांत हुआ। घटना के करीब 26 दिन बाद 30 जून 2019 की रात में एक बार फिर असामाजिक तत्वों ने ईदगाह की मीनार पर लगे गुंबद को तोड़ दिया था।
प्रवेशद्वार के बगल स्थित हाजी मोहम्मद सिद्दीकी की मजार को भी क्षतिग्रस्त कर ईदगाह की दीवारों पर जगह-जगह जय श्रीराम के नारे लिखे गए थे। इसके बाद लोग काफी आक्रोशित होकर प्रदर्शन करने लगे। सूचना के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। अज्ञात असामाजिक तत्वों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था लेकिन पुलिस विवेचना में घटना का खुलासा नहीं हो सका।