सुल्तानपुर। भीषण गर्मी लोगों की सेहत पर भारी पड़ रही है। भीषण गर्मी में लोग उल्टी और दस्त की चपेट में आकर जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। इमरजेंसी के साथ वार्ड उल्टी और दस्त के मरीजों से पटा है।
अस्पताल की हालत यह है कि स्ट्रेचर और फर्श पर लिटाकर मरीजों का उपचार किया जा रहा है। एक बेड पर दो-दो मरीजों को भर्ती किया गया है। अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों में बच्चों की संख्या ज्यादा है। इमरजेंसी वार्ड में ही विनोद कुमार (32) निवासी बसौढ़ी, आयत (5) निवासी फतेहपुर संगत, अर्थ शुक्ला (7) निवासी कृष्णानगर, नसरीन (28) निवासी मोतिगरपुर, कुर्बान अली (37) निवासी खैराबाद, तीरथ प्रकाश (55) निवासी मेजरगंज, दीक्षा (32) निवासी खरगीपुर जिला अमेठी, राजाराम (40) निवासी हसनपुर और लाजी तिवारी निवासी जमखुरी उल्टी और दस्त से पीड़ित होने पर भर्ती किए गए हैं। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एससी कौशल ने बताया कि डायरिया होने की दशा में ओआरएस घोल निरंतर पिलाएं, डायरिया के साथ बुखार होने पर माथे पर पानी की भीगी पट्टी रखें। तली-भुनी चीजों और बासी खाना या नाश्ते से पूरी तरह परहेज करें। इसके साथ ही पीड़ित को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल में दिखाना चाहिए।