सुल्तानपुर। जयसिंहपुर क्षेत्र के मेहाराम निवासी किसान मनोराम वर्मा का गांव के बाहर कृषि फार्म है। बृहस्पतिवार की सुबह करीब साढे़ नौ बजे अचानक फार्म हाउस में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
फार्म पर मौजूद कर्मचारियों ने इसकी सूचना मनोराम के साथ ही दमकल केंद्र को दी। इस बीच गांव के लोग भी आग बुझाने में जुट गए। पछुआ हवा ने आग में घी का काम किया। आग से फार्म हाउस पर खड़ी कंबाइन मशीन, जेसीबी, थ्रेसर, भूसा बनाने वाली मशीन, करीब डेढ़ सौ क्विंटल गेहूं व सात क्विंटल भूसा के साथ ही पशुओं का चारा जलकर नष्ट हो गया। सूचना के बाद पहुंचे फायर कर्मियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित किसान मनोरम वर्मा के अनुसार आग से करीब 80 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। आग कैसे लगी, इसका पता नहीं चल सका। एसडीएम जयसिंहपुर अरविंद कुमार ने बताया कि जांच कराकर सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।