फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Sultanpur News ›   Devotees gathered, village roads along with the highway were jammed

Sultanpur News: उमड़े श्रद्धालु, हाईवे के साथ गांव के रास्ते भी जाम

Tue, 11 Feb 2025 12:24 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर Updated Tue, 11 Feb 2025 12:24 AM IST
विज्ञापन
Devotees gathered, village roads along with the highway were jammed
जाम में फंसे वाहन।
सुल्तानपुर। प्रयागराज महाकुंभ से लौटकर अयोध्या दर्शन की लालसा श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी पड़ने लगी है। अयोध्या- प्रयागराज, रायबरेली-प्रयागराज और लखनऊ-वाराणसी राजमार्ग पर वाहनों की कतारें दिख रही हैं। डायवर्जन कर जब पुलिस उन्हें रोक रही है तो लोग गांवों के रास्ते हाईवे तक जाने की जुगत में हैं, जिससे अब गांव के रास्ते भी जाम की गिरफ्त में आ गए हैं। स्थिति यह है कि हर तरफ जाम ही जाम दिख रहा है। प्रशासन को जाम से निपटने की कोई तरकीब नहीं सूझ रही है। डीएम-एसपी समेत अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी सड़क पर हैं, लेकिन जाम से निजात नहीं है।
विज्ञापन

रायबरेली-अयोध्या राजमार्ग पर हलियापुर के डोभियारा तिराहे पर पुलिस ने रविवार रात करीब 2:30 बजे वाहनों को रोक दिया। जरई कला स्थित एक्सप्रेस वे के टोल प्लाजा पर भी वाहन रोक दिए गए। उधर अमेठी बॉर्डर पर गोमती नदी के आमघाट पुल पर भी पुलिस ने वैरिकेडिंग कर दी। बताया गया कि अयोध्या से मेसेज के आधार पर रोका गया है। काफी देर तक जब प्रशासन ने नहीं जाने दिया तो श्रद्धालुओं का धैर्य जवाब देने लगा। पुलिस और वहां मौजूद नायब तहसील समेत अन्य अधिकारियों से उनकी नोकझोंक भी हुई। दोपहर करीब 12:30 बजे रास्ता खोला गया और श्रद्धालुओं को अयोध्या जाने दिया गया।
विज्ञापन

दियरा चौराहे पर लगा एक किमी लंबा जाम
मोतिगरपुर। क्षेत्र के दियरा चौराहे पर करीब एक किलोमीटर तक जाम लगा रहा। कादीपुर, लंभुआ, सुल्तानपुर और कूरेभार को जाने वाले मार्ग भी भीषण जाम से जूझते रहे। गांव के रास्ते से वाहनों के गुजरने के चलते स्थानीय लोगों की समस्याएं बढ़ गई हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

सुबह छह बजे से शाम तक जाम रहा लंभुआ
लंभुआ। अमेठी जिले के दुर्गापुर कस्बे से रूट डायवर्जन के बाद कन्धईपुर-शंभूगंज के रास्ते लंभुआ पहुंचे वाहनों को चांदा की तरफ भेजा जा रहा था। दियरा रोड अंडरपास पर प्रभारी निरीक्षक अखण्डदेव मिश्र की मौजूदगी में तीर्थयात्रियों के वाहन पूरी तरह रोक दिए गए। इससे पूरे दिन लंभुआ जाम रहा। गांव के रास्ते भी चोक रहे। श्रद्धालुओं के साथ ही स्थानीय लोग भी परेशान रहे।
दोमुहा चौराहे पर पुलिस से भिड़े श्रद्धालु
भदैया। प्रयागराज महाकुंभ में स्नान कर अयोध्या जा रहे वाहनों को पुलिस ने दोमुहा चौराहे पर रोक लिया। इसके अलावा दोमुहा, कामतागंज, हनुमानगंज व बाईपास के लोहरामऊ पर हर प्वाइंट पर आवागमन रोक दिया गया। दोपहर 1:00 बजे हरियाणा की एक बस से यात्री उतरकर वहां तैनात पुलिस से गलत रास्ता बताने और रास्ता खोलने को लेकर भिड़ गए। बीस मिनट तक बहस के बाद पुलिस ने वाहनों का आवागमन चालू कराया। देहात कोतवाल सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया अयोध्या में रात से ही दर्शनार्थियों की भीड़ अधिक है। इसलिए रोका जा रहा है।
स्कूल नहीं जाने देती पुलिस...
हलियापुर निवासी राकेश सिंह अयोध्या जिले में अध्यापक हैं। बताया कि वह रोज घर से स्कूल आते-जाते हैं। रोजाना पुलिस उनको रोकती है। कभी-कभी तो स्कूल भी छूट जाता है। जाम ने शिक्षण कार्य को प्रभावित कर दिया है। हलियापुर निवासी अवधेश उपाध्याय ने बताया कि जहां पुलिस बैरियर लगाकर रास्ता बंद करती है, वहीं बॉर्डर पर ही अयोध्या जिले का पिठला 100 शैय्या अस्पताल है। वहां के लिए मरीज लेकर भी पुलिस नहीं जाने देती, जो मात्र दो किमी दूर है। वहां जाने के लिए पांच किमी का चक्कर लगाकर जाना पड़ता है।
दो बच्चे बीमार हैं, घर नहीं जा पा रही हूं..
प्रयागराज से वापस लौट रही अयोध्या निवासी ज्योति के साथ एक वाहन में करीब 12 लोग मौजूद थे। ज्योति ने रोते हुए वहां मौजूद पुलिसकर्मी से कहा कि साहब मेरे दो बच्चे घर पर बीमार हैं। मुझे जाने दीजिए। उन्होंने बताया कि पुलिस केवल आगे जाने के लिए बता रही है। मैं अपने घर नहीं जा पा रही हूं। उड़ीसा के भद्रक जिले के निशिकांत पंड्या ने बताया कि वह यात्रियों के साथ अयोध्या जाने वाले थे। पुलिस ने उन्हें सुल्तानपुर से लंभुआ की तरफ भेज दिया। दो घंटे से फंसे हैं। कोलकाता के सुदीप मित्रा ने बताया कि उनके साथ भी आए लोग तीन घंटे से लंभुआ में रुके हुए हैं। जेब में पैसे खत्म हो गए हैं। पुलिस सिर्फ आगे बढ़ा रही है। राजस्थान के भरतपुर की रमाबाई भी रूट डायवर्जन से परेशान दिखीं।

नहीं पहुंच सकी कैश वैन
भदैया और लंभुआ कस्बे में सोमवार को कैश वैन नहीं पहुंच सकी। बीओबी और ग्रामीण बैंक के कैश वैन जाम की वजह से बैंक नहीं पहुंच सके। अमहट, पयागीपुर,लोहरामऊ में भयानक जाम रहा। कैश नहीं मिलने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
डायवर्जन कर जाम से दिलाई जा रही राहत
एएसपी अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि अयोध्या में जब भीड़ ज्यादा होती है तो मैसेज आता है। उसी अनुसार अलग-अलग रूटों से गाड़ियों को निकाला जाता है। डायवर्जन ही एक मात्र रास्ता है, जिससे जाम की स्थिति से निपटा जा सकता है। गाड़ियों को रोकने से श्रद्धालु आक्रोशित हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि दोपहर बाद स्थिति सामान्य हो गई है।
जाम से निपटने को प्रशासन का एक्शन प्लान
एडीएम प्रशासन गौरव शुक्ला ने बताया कि जाम को हटाने के लिए सात स्टेटिक मजिस्ट्रेट और 63 राजस्व कर्मियों की ड्यूटी अलग से लगाई गई है। इसके अलावा डायवर्जन प्लान के क्रियांवयन के लिए 38 मजिस्ट्रेट, 174 पुलिस अधिकारी और 350 पुलिस के जवान तैनात हैं। जिले के 36 स्थानों पर पुलिस पिकेट्स और नौ प्रमुख स्थान पर छह क्विक रिस्पांस टीम तैनात है। भीड़ की स्थिति में 67 होल्डिंग एरिया बनाई गई है, जहां श्रद्धालुओं को रोका जा रहा है।

ये हैं डायवर्जन स्थल
जिले में सात डायवर्जन स्थल बनाए गए हैं। इनमें पयागीपुर चौराहा, लोहरामऊ बाईपास, कटका तिराहा, कूरेभार चौराहा, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, कूरेभार मोड हलियापुर और टांटियानगर शामिल हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed