भूमि विवाद में महिला की हत्या: मनबढ़ों के हमले में पति-पुत्र भी गंभीर, ग्रामीणों ने हमलावरों की बाइक फूंकी
नौगांव गांव निवासी तारा देवी पत्नी रामा के नाम से प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ है। आवास की भूमि को लेकर गांव के ही कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। गुरुवार सुबह =दूसरे पक्ष के लोग लामबंद होकर मौके पर पहुंचे और आवास ढहाने लगे। आरोप है कि विरोध करने उन्होंने लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया।
विस्तार
सोनभद्र के नौगांव गांव में गुरुवार को भूमि विवाद को लेकर मनबढ़ों ने महिला की कुल्हाड़ी से वारकर हत्या कर दी। हमले में पुत्र और पति को भी गंभीर चोट आई हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल बेटे की हालत गंभीर देख उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने हमलावरों की बाइक फूंक दी। तनाव को देखते हुए गांव में भारी फोर्स तैनात कर दी गई है। एएसपी, सीओ सहित अन्य अफसरों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के नौगांव गांव निवासी तारा देवी पत्नी रामा के नाम से प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ है। आवास की भूमि को लेकर गांव के ही कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। पिछले दिनों राजस्व कर्मियों ने मौके पर जाकर नापी कराई थी। इसके बाद लेखपाल द्वारा चिह्नित जमीन पर आवास का निर्माण शुरू हुआ था।
नींव स्तर से ऊपर का काम हो चुका था। बृहस्पतिवार की सुबह करीब दस बजे दूसरे पक्ष के लोग लामबंद होकर मौके पर पहुंचे और आवास ढहाने लगे। आरोप है कि विरोध करने लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। सिर पर गंभीर चोट आने से तारा देवी की सास ज्ञानमति (60) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जेठ संतोष (40) और ससुर रामनरेश (65) घायल हो गए। आसपास के लोग उग्र हुए तो हमलावर फरार हो गए। गुस्साए लोगों ने मौके पर छूटी हमलावरों की बाइक फूंक दी।
सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को जिला अस्पताल भेजवाया। वहां संतोष की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, एएसपी कालू सिंह, एसडीएम रमेश कुमार, सीओ सिटी राहुल पांडेय, कोतवाल बालमुकुंद मिश्र ने भारी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों को शांत कराया। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि मृतका के बेटे की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। सीओ राहुल पांडेय की अगुवाई में तीन टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
ग्राम प्रधान पर है हमलावरों को उकसाने का आरोप
पुलिस को दिए तहरीर में अजय कुमार बियार ने बताया कि भाभी तारा देवी पत्नी रामा के नाम से प्रधानमंत्री आवास आवंटित है। इसका निर्माण हो रहा था। विपक्षी विनोद मौर्या ने न्यायालय में वाद दायर कर 15 फरवरी को काम रोकवा दिया। तब तक दीवार का 80 फीसदी कार्य हो गया था। बृहस्पतिवार की सुबह विपक्षियों ने लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया।
मां ज्ञानमती देवी की जान ले ली और भाई संतोष व पिता रामनरेश को गंभीर चोट पहुंचाई। ग्राम प्रधान रामकृत मौर्य हमलावरों को ललकार रहे थे। तहरीर के आधार पर पुलिस ने विपक्षी विनोद मौर्य उसके पुत्र राजू मौर्य, आशु मौर्या, सत्यजीत उर्फ बल्लू मौर्या, कृष्णा मौर्या, प्रधान रामकृत मौर्य आदि के विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा, सात क्रिमिनल ला अमेडमेंट एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। सीओ राहुल पांडेय कहा कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगा।
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ गांव
नौगांव गांव खुर्द में महिला की हत्या और उसके बेटे व पति को पीटकर घायल करने की सूचना मिलते ही कई थानों की फोर्स और पीएसी के साथ एएसपी कालू सिंह, एसडीएम रमेश कुमार, सीओ राहुल पांडेय घटनास्थल पर पहुंच गए। एसपी के निर्देश पर गांव में जगह-जगह फोर्स की तैनाती कर दी गई है। देर रात तक फोर्स डटी रही। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारोपियों को पकड़ कर लिया जाएगा और गांव में शांति का माहौल है।
नौगांव गांव में जिस भूमि को लेकर महिला की हत्या और दो लोगों को घायल कर दिया गया उसको लेकर पूर्व में भी पंचायत हो चुकी है। दोनों पक्षों की मौजूदगी में लेखपाल द्वारा जमीन की नापी कर तारा को प्रधानमंत्री आवास बनाने के लिए कहा गया था। चिन्हित जमीन पर ही निर्माण कार्य कराया जा रहा था, हालांकि वर्तमान में कार्य बंद था। उधर घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।