आसनडीह। बभनी थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में शनिवार को बिजली गिरने से किशोरी समेत दो लोगों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले गई।
बभनी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कोंगा के रंगईदामर में शनिवार की शाम करीब पांच बजे त्रिवेणी यादव (48) अपनी भैंस चराने गए थे। अचानक मौसम बदला और तड़क-गरज के साथ बारिश होने लगी। इसी दौरान बिजली गिरने से त्रिवेणी की मौके पर ही मौत हो गई। यह देख कुछ दूरी पर मवेशियों को चरा रहे चरवाहों ने शोर मचाते हुए गांव में जाकर घटना की सूचना दी। वहीं दूसरी घटना देवकूढ़ गांव में हुई। बिजली की चपेट में आने से रिंकी कुमारी (14) पुत्री राजेश्वर की मौत हो गई। रिंकी कक्षा 7 की छात्रा थी। अपने आंगन में खड़ी थी, उसी वक्त उसके ऊपर बिजली गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बभनी इंस्पेक्टर मनोज कुमार सिंह हमराहियों के साथ पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया। थाना प्रभारी ने कहा कि शवों का पीएम कराने की कार्रवाई की जा रही है। उधर, बारिश के दौरान बिजली गिरने से असमय लोगों के काल की गाल में समा जाने से क्षेत्रीय लोगों में दहशत का माहौल है। रहवासियों ने प्रशासन से बिजली से बचाने के लिए क्षेत्र में यंत्र लगवाने की मांग की है।