बिना पंजीकरण और मानक के विपरीत चल रहे निजी अस्पतालों की बृहस्पतिवार की शाम नोडल अधिकारी ने जांच की। इस दौरान एक पैथालॉजी व दो निजी अस्पताल को सील कर दिया। खामियों पर पर दो अन्य अस्पतालों को नोटिस जारी की गई। औचक निरीक्षण से अस्पताल संचालकों में खलबली मची रही। कई अपने केंद्र पर ताला लगाकर फरार हो गए।
निजी अस्पतालों के नोडल अधिकारी डॉ. गुरु प्रसाद के नेतृत्व में टीम बृहस्पतिवार की शाम दुद्धी पहुंची। नोडल अधिकारी ने बताया कि दुद्धी-धनौरा मार्ग पर स्थित अंश अस्पताल में जांच के दौरान कोई चिकित्सक नहीं मिला। बिना चिकित्सक अस्पताल संचालित होने पर अस्पताल की ओपीडी, ऑपरेशन थियेटर और वार्ड सील करते हुए मौके पर मिले अशोक नामक व्यक्ति को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन में जवाब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। विंढमगंज रोड स्थित विभा हॉस्पिटल में गर्भवती महिलाओं का प्रसव कराए जाने वाली सूची स्थानीय स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध न कराने की दशा में सरकार की ओर से जननी सुरक्षा योजना का लाभ लाभार्थी को ना मिलने पर नोटिस जारी किया गया। अमवार रोड पर ही स्थित एक अन्य अस्पताल में भी टीम ने जांच की। डॉ गुरु प्रसाद ने बताया कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर निजी अस्पताल व पैथालॉजी केंद्रों की जांच की गई है। विंढमगंज में अवैध रूप से संचालित वंशीधर पैथोलॉजी व साक्षी हॉस्पिटल की ओपीडी व ओटी सील किया गया है। टीम में बीपीएम संदीप सिंह, डाटा ऑपरेटर संदीप शुक्ला आदि शामिल रहे।