दिल्ली में सोनभद्र के तीन लोग ब्लैक फंगस के शिकार , मरीजों के परिजनों को पता करने में जुटी टीम
कोरोना के बाद नए खतरे के रूप में सामने आए ब्लैक फंगस ने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में भी दस्तक दे दी है। जिले के तीन लोगों में ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई है। हालांकि ये तीनों दिल्ली में रह रहे हैं।
विस्तार
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के बीच पूर्वांचल में ब्लैक फंगस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। वाराणसी और जौनपुर के बाद अब सोनभद्र जिले में ब्लैक फंगस का मामला सामने आया है। इस बीमारी की चपेट में दिल्ली में रह रहे सोनभद्र के तीन लोगों के आने की सूचना है। सोमवार को जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीमें ब्लैक फंगस की चपेट में आने वाले व्यक्तियों के परिवार वालों का पता लगाने में जुटी हैं।
सोमवार को स्वास्थ्य विभाग को पता चला कि दिल्ली में रहने वाले सोनभद्र के तीन लोग ब्लैक फंगस की चपेट में आ चुके हैं। तीनों मरीजों के परिवार वालों के बारे में पता लगाने के लिए टीमों को लगा दिया गया है। सोमवार को पूरे दिन टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में ब्लैक फंगस की चपेट में आने वाले व्यक्तियों के बारे में पता लगाने में जुटी रही।
मामले में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नेम सिंह ने कहा कि दिल्ली में सोनभद्र के रहने वाले तीन व्यक्तियों को ब्लैक फंगस होने की जानकारी मिली है। तीनों मरीजों के परिवार वालों के बारे में पता लगाने के लिए आरआर टीमों को लगाया गया है। मरीजों के नाम मिले हैं, लेकिन उनके गांव एवं मोबाइल नंबर की जानकारी न होने से पता लगाने में दिक्कत हो रही है।
बीएचयू में 84 मामले
बीएचयू अस्पताल में जिस तरह से मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है, उसको लेकर जांच, इलाज भर्ती सहित अन्य सुविधाओं में भी बढ़ोतरी की जा रही है। अब कुल मरीजों की संख्या 84 हो गई है। इसमें तीन मरीजों का ऑपरेशन भी किया गया। कुल मिलाकर अब तक 12 मरीजों के ऑपरेशन हो चुके हैं। हालांकि ब्लैक फंगस के छह मरीजों की मौत भी हो चुकी है। बीएचयू अस्पताल के डिप्टी एमएस प्रोफेसर सौरभ सिंह ने बताया कि 24 घंटे ऑपरेशन सुविधा शुरू होने से मरीजों को बड़ी राहत होगी।