निजी कंपनी के इंजीनियर आवास में हुई चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी के जेवर सहित कई सामान बरामद की गई है।
शक्तिनगर के प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश मिश्रा ने बताया कि एनटीपीसी की ज्वालामुखी आवासीय परिसर स्थित बीएचईल कालोनी स्थित इंजीनियर संतोष कुमार पांडेय के आवास का ताला तोड़कर चोरों ने नगदी सही कई सामानों पर हाथ साफ कर दिया था। इंजीनियर संतोष कुमार पांडेय सपरिवार गृह जिला देवरिया गए थे। अति सुरक्षित रहवासी क्षेत्र में हुई चोरी पुलिस के लिए चुनौती बन गई थी। मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि तीन संदिग्ध लड़के कोटा बस्ती गेट के पास खड़े हैं। प्रभारी निरीक्षक ने बीना चौकी प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम को दबिश देने के लिए रवाना किया। मौके से सूरज उरांव व विक्रम गौतम निवासी प्रेमनगर बस्ती और किशन निवासी राजकिशन बस्ती को उठा लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जुर्म कबूल किया। इनके पास से चोरी गए एसबीआई बैंक का चेक बुक, आधार कार्ड, संतोष कुमार पांडेय का पासबुक, चांदी का सिक्का, मंगलसूत्र व अंगूठी, सफेद धातु की चार पायल व दो हजार नगद बरामद किया गया। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। पुलिस के मुताबिक तीनों को कोर्ट ने न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।