सोनभद्र। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बढ़े रसोई गैस के दाम और खाद्य पदार्थों और पेट्रोल-डीजल के मूल्यों में की गई वृद्धि के विरोध में मंगलवार को सदर तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। यहां कार्यकर्ताओं ने गैस सिलिंडर लेकर महंगाई का विरोध जताया।
सपा के जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि 20 से 25 दिन के अंदर सिलिंडर का दाम 100 रुपये बढ़ा दिए गए और पेट्रोल-डीजल, सरसों का तेल 150 रुपये हो गया। केंद्र व भाजपा शासित राज्यों में बेतहाशा महंगाई से आम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। केंद्र की सरकार के बजट में जनता को निराशा हाथ लगी और प्रदेश की भाजपा सरकार के बजट में भी जनता में मायूसी रही। पूर्व नगर सचिव मनीष त्रिपाठी ने कहा कि भाजपा सरकार में जनता अपने आप को ठगा महसूस कर रही है। युवाओं में निराशा बढ़ी है। यूपी की सरकार हर मोर्चे पर फेल है। इस मौके परमुलायम यादव, सोनू भारती, राधेश्याम पटेल, हीरा सोनकर, हिफाजत, मुन्ना कुशवाहा, मोती कोल, गोपाल गुप्ता, अनिल प्रजापति मौजूद रहे।