समरेश हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा: पत्नी, बेटी और उसके प्रेमी ने मिलकर घोंटा था गला, जानें कारण
सोनभद्र जिले के कोलियाघाटी में कुछ दिन पहले सिंगरौली निवासी समरेश पाल (47) का शव मिला था। सड़क किनारे शव मिलने के कारण हादसे में मौत की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला कसने से मौत की पुष्टि हुई थी। सोमवार को पुलिस ने इस हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोनभद्र जिले के कोलियाघाटी में एक सप्ताह पूर्व मिले सिंगरौली निवासी समरेश पाल के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस का दावा है कि पत्नी, बेटी और उसके प्रेमी ने मिलकर समरेश की गला घोंटकर हत्या की। हत्या के बाद शव को कोरट मार्ग पर सड़क किनारे फेंक दिया था, ताकि वह सड़क हादसा लगे। हत्या के पीछे संपत्ति का लालच और पारिवारिक विवाद मुख्य वजह रही है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
27 अगस्त को कोलियाघाट में कोरट मार्ग पर एक शव मिला था। काफी प्रयास के बाद शव की शिनाख्त मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के गढ़वा थाना अंतर्गत बरवाडीह निवासी समरेश पाल (47) के रूप में हुई थी। सड़क किनारे शव मिलने के कारण हादसे में मौत की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला कसने से मौत की पुष्टि ने जांच को नई दिशा दी।
पत्नी और बेटी के चेहरे पर कोई शिकन नहीं
चचेरे भाई लाल प्रताप पाल की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की गई। सोमवार को घोरावल कोतवाली में प्रेस वार्ता में घटना का खुलासा करते हुए सीओ संजीव कटियार ने बताया कि पुलिस मृतक के घर बरवाडीह पहुंची। जांच के दौरान कमरे के आधे हिस्से में गोबर से ताजा पोताई की गई थी। पति की मौत के बाद भी पत्नी रजवंती और पुत्री संगम के चेहरे पर कोई शिकन नहीं था।
संदेह के आधार पर जब उन पर सख्ती दिखाते हुए पूछताछ की गई तो उन्होंने पूरी घटना उजागर कर दी। सीओ ने बताया कि समरेश का अपने नाम की 18 बीघा जमीन बेचकर परिवार के सदस्यों को बेघर करने, भेड़ बेचकर पैसा न देने और खाने-पीने का सामान ताले में बंद रखने को लेकर परिजनों से विवाद होता था।
इसी से क्षुब्ध होकर पत्नी और बेटी ने उसे मारने की योजना बनाई। सलखन निवासी दूर के रिश्तेदार दिनेश पाल का समरेश के घर आना-जाना था। दिनेश और संगम में प्रेम संबंध था। लिहाजा उसने भी घटना में मदद की।
पत्नी और बेटी ने पकड़े हाथ-पैर, प्रेमी ने रस्सी से कस दिया गला
सीओ के मुताबिक 26 अगस्त की रात घर में सोते समय रजवंती और संगम ने समरेश का हाथ-पैर कसकर पकड़ लिया। दिनेश ने घर में रखी रस्सी से समरेश का गला कस दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद तीनों करीब एक किमी दूर तक शव को पैदल ले गए। फिर बाइक पर रखकर 8 किमी दूर यूपी की सीमा में कोलियाघाट के पास कोरट मार्ग पर सड़क किनारे फेंक दिया।
प्रभारी निरीक्षक गोपालजी के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने दिनेश को शिवद्वार मंदिर के पास से पकड़ लिया। वहीं रजवंती और संगम को उनके घर बरवाडीह से सोमवार सुबह गिरफ्तार किया गया। उनकी निशानदेही पर हत्या करने व शव ठिकाने लगाने में प्रयुक्त बाइक, रस्सी व गमछा बरामद किया गया। हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने वाले टीम में एसआई रामअवध यादव, उभ्भा चौकी प्रभारी बालेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल प्रमोद यादव, शंभू कुमार, सोनू भारती, दीपा पासवान, अरायना सिद्दीकी भी शामिल रहे।
निजी स्कूल में शिक्षक है एमए पास दिनेश
हत्यारोपी दिनेश सलखन में एक निजी स्कूल में शिक्षक है। समरेश की बड़ी पुत्री संगम से दिनेश का प्रेम प्रसंग चल रहा था। समरेश की कुल पांच पुत्रियां हैं और सभी अविवाहित हैं। एकलौता पुत्र मूक-बधिर है। वह बाहर रहकर काम करता है। ग्रामीणों की मानें तो पिछले साल भी समरेश पाल को खाने में जहर देकर मारने का प्रयास किया गया था। शक होने पर उसने खाना कुत्ते को खिलाया। कुत्ते की थोड़ी देर बाद मौत हो गई। इसके बाद से समरेश अपना भोजन अलग से बनाकर खाता था।