सोनभद्र। पेड़ों की कटाई, जमीन आवंटन और परियोजनाओं को लेकर रविवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने रामलीला मैदान से बढ़ौली चौराहे तक जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अंशु गुप्ता के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में जंगल और जमीन की सुरक्षा को लेकर सरकार एवं प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई। अंशु गुप्ता ने कहा कि सोनभद्र के जंगल केवल पेड़ नहीं, बल्कि जनता की जीवनरेखा और आने वाली पीढ़ियों की विरासत हैं। विकास के नाम पर जंगलों की अंधाधुंध कटाई और प्राकृतिक संसाधनों का दोहन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पेड़ों की कटाई से जुड़ी सभी जानकारियां सार्वजनिक करने और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। छात्र नेता सुप्रिया सिंह राजपूत ने कहा कि सोनभद्र की जमीन और जंगल यहां की जनता की विरासत है। इनके संरक्षण के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जंगल और जमीन की लड़ाई आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ी है। जब तक मामले में पारदर्शिता और मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन में सौम्य सोनकर, सनी गुप्ता, प्रीति सहनी, प्रीति ठाकुर, आरती पटेल, सूरज जाटव, निगम राजभर, देवा कुमार, राजन आदि शामिल रहे।