सोनभद्र में दर्दनाक हादसा: भारी वाहन ने बाइक सवारों को रौंदा, मामा-भांजी की मौत, महिला घायल
सोनभद्र जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के बभनौली गांव के पास राजमार्ग पर भारी वाहन से कुचलकर बाइक सवार मामा-भांजी की मौत हो गई। हादसे में बच्ची की मां गंभीर रूप से घायल हुई है। उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के मोर्चरी में रखवा दिया है।
पुलिस के अनुसार, दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के धनौरा गांव निवासी उपेंद्र सिंह(18) की बहन ममता(25) की शादी रेणुकूट क्षेत्र के मुर्धवा में हुई है। वह शुक्रवार को बाइक से मुर्धवा गया था। वहां से बहन ममता और छह वर्षीय भांजी लाडो(6) को लेकर बाइक से मधुपुर में दूसरी बहन के घर जा रहा था।
शाम करीब सात बजे रॉबर्ट्सगंज फ्लाईओवर से होकर जैसे ही आगे जाने के लिए बढ़ा, पीछे से जा रहा भारी वाहन बभनौली गांव के पास बाइक सवारों को कुचलते हुए आगे निकल गया। यह देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घायलों को अस्पताल ले गए। हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उपेंद्र को अन्यत्र के लिए रेफर कर दिया।
वाराणसी ले जाते समय उसकी मौत हो गई। कुछ देर बाद ही लाडो की भी मौत हो गई। इसके बाद परिवार के लोग शव को जिला अस्पताल ले गए। उधर, पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर बच्ची का शव कब्जे में ले लिया। कोतवाल सत्य नारायण मिश्रा का कहना है कि लाडो का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल और उपेंद्र का पोस्टमार्टम दुद्धी सीएचसी में कराया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।