सोनभद्र। वृहस्पतिवार से शुरू हो रहे पांच दिवसीय पूजा पर्व के मद्देनजर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। बाजार में खरीदारों की भीड़ भी उमड़ने लगी है। धनतेरस की पूर्व संध्या पर बुधवार को साप्ताहिक बंदी होने के बावजूद बर्तन, आभूषण, इलेक्ट्रानिक्स सहित अन्य दुकानें खुली रहीं। दुकानों में खरीदारों की भीड़ रही। कारोबारियों का कहना है कि धनतेरस पर अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। कोरोना काल में संकट का सामना कर रहे इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में दीपावली के मौके पर रौनक आने लगी है। कारोबारी धनतेरस पर अच्छा कारोबार होने की उम्मीद जता रहे हैं। राबर्ट्सगंज में इलेक्ट्रानिक्स सामानों का व्यवसाय करने वाले मनोज गुप्ता, संदीप केशरी, सौरभ चौधरी, प्रेम जायसवाल आदि का कहना है कि धनतेरस को देखते हुए टीवी, फ्रीज, कूलर, पंखा, आदि सामान प्रतिष्ठानों में मंगा ली गई है। राबर्ट्सगंज में सोने-चांदी के आभूषण की बिक्री करने वाले राधे भाई का कहना है कि धनतेरस के मौके पर सोने-चांदी के सभी डिजाइन के आभूषण उपलब्ध हैं। ग्राहकों की मांग पर उनकी मन पसंद की डिजाइन के भी आभूषण बनवाए गये हैं। उन्होंने बताया कि धनतेरस पर सोने व चांदी के सिक्के के अलावा गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमाओं की मांग रहती है। इस समय सोना 52500 रुपये प्रति दस ग्राम और 65000 रुपये प्रति किलो चांदी है। राबर्ट्सगंज नगर में बजाज एजेंसी के संचालक इं.रमेश पटेल का कहना है धनतेरस पर खरीदारी के लिए 70 दो पहिया वाहनों की बुकिंग हो चुकी है। बताया कि ज्यादात्तर ग्राहक अग्रिम बुकिंग न कराकर धनतेरस और दीपावली के दिन नकद देकर वाहन खरीदते हैं। इससे इस साल धनतेरस पर अच्छा व्यवसाय होने की उम्मीद की जा रही है। सभी प्रकार की तैयारी पूरी कर ली गई है। दीपावली एवं सूर्योपासना का पर्व डाला छठ के मद्देनजर बाजार में नये डिजाइन के परिधानों की मांग बढ़ी है। कपड़ा व्यवसायी संदीप जैन का कहना है कि महिलाओं को पार्टी लायक साड़ियां मन भा रही हैं। वहीं, लड़कियां नये डिजाइन की लहंगा चुनरी खूब पसंद कर रही हैं। युवा पैंट-शर्ट के साथ नये डिजाइन में गर्म कपड़ों को लेना पसंद कर रहे हैं। ग्राहकों को मांग के अनुरूप कपड़े उपलब्ध कराए जा रहे हैं। धनतेरस के मद्देनजर राबर्ट्सगंज बाजार में बर्तन की दुकानें भी सज गई हैं। बुधवार को दुकान में बर्तनों को सजाने में व्यवसायी जुटे रहे। सांई चौक पर बर्तन का व्यवसाय करने वाले दीपक सोनी का कहना है कि धनतेरस पर सामान खरीदना शुभ माना गया है। जो लोग सोने-चांदी के सिक्के या आभूषण खरीदने में सक्षम नहीं होते है, वे स्टील, पीतल, फूल या तांबे का बर्तन खरीदते हैं। धनतेरस को देखते हुए दुकान में सभी प्रकार के बर्तन उपलब्ध हैं। शादी विवाह का लगन भी इसी माह शुरू हो रहा है। इसलिए भी धनतेरस पर अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।