Sonbhadra : कलिंगा कंपनी के जीएम से मांगी 10 लाख की रंगदारी, कार रोक दी धमकी; ड्राइवर की सूझबूझ से पांच अरेस्ट
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। ये लोग कार रोककर कलिंगा कंपनी के जीएम को धमकी दे रहे थे। 10 लाख की रंगदारी भी मांगी।
विस्तार
UP Crime News: सोनभद्र के एनसीएल खड़िया में ओबी हटाने का काम कर रही कलिंगा कंपनी में नौकरी के लिए मनबढ़ों ने बुधवार की रात लोढ़ी टोल प्लाजा के पास कंपनी के जीएम को घेर लिया। उनकी कार रोककर धमकी दी। मोबाइल भी छीन लिया।
वह बचने के लिए भागे तो मनबढ़ पीछा करते हुए पुलिस लाइन की तरफ पहुंच गए। एसपी के निर्देश पर हरकत में आई रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
खड़िया परियोजना में ओवरबर्डेन (ओबी) हटाने का काम कलिंगा कंपनी को मिला है। यह कार्य करोड़ों का है। इसके लिए कंपनी में हेल्पर, ऑपरेटर, सुपरवाइजर सहित कई पदों पर चयन चल रहा है।
कोल इंडिया से स्वीकृत मोटे वेतन और सुविधाओं की चाह में हर कोई इस नौकरी को पाने के लिए जोर आजमाइश कर रहा है। कई संगठनों की ओर से आंदोलन भी किया जा चुका है।
पुलिस ने की कार्रवाई
कंपनी के जीएम बुधवार को रॉबर्ट्सगंज आए थे। देर शाम लौटते समय लोढ़ी में अचानक काले रंग की स्कॉर्पियो से सवार पांच-छह लोग पहुंचे और उनकी कार को रोक लिया। ड्राइवर ने कारण जानना चाहा तो मनबढ़ों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
वह कंपनी में अपने चहेतों को नौकरी देने और 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग कर रहे थे। मौके की स्थिति भांपते हुए चालक ने कार को भगाते हुए पुलिस लाइन की ओर मोड़ दिया तो मनबढ़ भी कार का पीछा करने लगे। इस बीच जीएम ने एसपी को फोन पर मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने घेरेबंदी कर पांच युवकों को पकड़ लिया। प्रभारी कोतवाल मनोज कुमार ने बताया कि कार में जीएम मौजूद थे। उनके चालक अजय कुमार रजक की तहरीर पर संतोष पांडेय, सोनेंद्र सिंह, राकेश पांडेय, सतीश पांडेय और राजीव के विरुद्ध रंगदारी मांगने, धमकी देने सहित अन्य आरोपों में केस दर्ज करते हुए गिरफ्तार किया गया है। अन्य लाेगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।