सोनभद्र में महिला के साथ अमानवीयता: जादू-टोना के शक में बाल मुंडवाए, जूता-चप्पल की माला पहना गांव में घुमाया
सोनभद्र जिले के एक गांव में एक महिला के साथ अमानवीय हरकत की गई है। जादू-टोना करने के शक में भरी पंचायत में उसका सिर मुंडवाया गया। उसे जूता-चप्पल की माला पहनाकर गांव में घुमाया गया।
विस्तार
सोनभद्र जिले के एक गांव में एक महिला के साथ अमानवीय हरकत की गई है। जादू-टोना करने के शक में भरी पंचायत में उसका सिर मुंडवाया गया। चेहरे पर रोली, काजल और चूना पोतने के बाद उसे जूता-चप्पल की माला पहनाकर गांव में घुमाया गया। घटना करीब दो माह पहले की है। सार्वजनिक तौर पर हुए अपमान से महिला सदमे में रही।
अब कोतवाली पहुंचकर उसने पुलिस को तहरीर दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पिता-पुत्र समेत 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पीड़िता (40) के मुताबिक पड़ोस के ही रहने वाले एक व्यक्ति को शक था कि उसने उसके बेटे-बहू पर जादू-टोना कर रखा है।
घटना से बुरी तरह डरी-सहमी महिला
इसे लेकर उसने एक ओझा को अपने घर बुलाया। ओझा के कहने पर पड़ोसी और उसके परिवारवालों व कुछ अन्य लोगों ने मिलकर पंचायत बुलाई। बिना कोई बात सुने उसे दोषी ठहराते हुए अभद्रता की। गाली-गलौज करते हुए उसके सिर के आगे का बाल मुंडवा दिया। चेहरे पर रोली, काजल और चूना पोता।
इसके बाद जूता-चप्पल पहना कर पूरे गांव में घुमाया। घटना से बुरी तरह डरी-सहमी महिला अपमान का घूंट पीकर रह गई, लेकिन जब आरोपी उसे फिर से डराने-धमकाने लगे तो हिम्मत जुटाकर वह शुक्रवार की शाम कोतवाली पहुंची।मामला संज्ञान में आते ही पुलिस हरकत में आई।
तहरीर के आधार पर पड़वनिया निवासी हरी और उसके बेटे अंगनू व अशोक, झमझम उर्फ छोटे और उसके बेटे बऊ, सगे भाई रामजी और कमलेश, ओझा दनिया पत्नी मुख्खड़ू के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी गोपालजी ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर केस दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।