बभनी। सेवाकुंज आश्रम कारीडांड चपकी में रविवार को राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम रहे। छत्तीसगढ़ से सटे यूपी के तीनों सीमाओं को सील कर दिया गया था। इसके साथ ही बार्डर से सटे गांवों, जंगलों में पुलिस व पीएसी के जवान लगातार कांबिंग करते रहे। राष्ट्रपति के कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फोर्स अलर्ट रही।
छत्तीसगढ़ सीमा से सटे तीनों सीमाओं आसनडीह, शीशटोला और सागोबांध को 12 घंटे पूर्व सील कर दिया गया। तीनों सीमाओं पर सब इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल तथा भारी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवानों को तैनात कर दिया गया था। सीआरपीएफ और पीएसी के जवानों की तैनाती की गई थी। छत्तीसगढ़ बार्डर से सटे गांवों रंदह, जोबेदह, गायदह, झनकपुर, सागसोती, मचधबंधवा, तेंदुआल, सांगोबांध, अहिरबुडवा, आसनडीह, इकदीरी, बजिया, छिपिया, डूमरहर, रंपाकुरर, शीशटोला, बिछियारी, महुआदोहर, भलपहरी में भारी संख्या में पुलिस व पीएसी के जवान लगातार कांबिंग करते रहे। कुछ फोर्स सादे में रहे जिन्हें आम जनता नहीं पहचान सकी कि यह पुलिस या पीएसी का जवान है। रेेणुकूट-बीजपुर मार्ग और अंबिकापुर-रेणुकूट मार्ग व महुअरिया- रघुनाथ नगर मार्ग पर भी भारी संख्या में पुलिस व पीएसी बल तैनात थे। सेवाकुंज आश्रम जाने वाले मार्ग को तीन हिस्सों में विभाजन किया गया था। पहले मुख्य मार्ग से वीवीआईपी, वीआईपी तथा वाहन पास वाले को जाने के लिए रखा गया और अन्य दो मार्गों को आम जनमानस के आने जाने के लिए रहा जिससे जनता सीधे बनवासी समागम स्थल पर पहुंच सके। इन मार्गों पर भी बैरियर, बैरिकेडिंग लगाकर फोर्स तैनात रही।

सेवा समर्पण संस्थान सेवाकुंज आश्रम कारीडांड चपकी में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और राज्यपाल आंन?- फोटो : SONBHADRA