जान के साथ खिलवाड़ : घनी आबादी के बीच बन रहे थे पटाखे, चार क्विंटल माल बरामद; बिना लाइसेंस के चल रहा था काम
Sonbhadra News: सोनभद्र के अंबेडकर नगर मोहल्ले में अवैध पटाखा बनाए जाने की सूचना पाकर पुलिस ने छापा मार दिया। यहां भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए। इसके साथ ही कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नगर में घनी आबादी के बीच अवैध तरीके से भंडारित पटाखे की बड़ी खेप पुलिस ने बरामद की है। आगामी त्योहारों के लिए यह माल रखा गया था। मौके से करीब चार क्विंटल पटाखे मिले हैं। इसे जब्त कर पुलिस छानबीन में जुट गई है। कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया गया है।
दशहरा और दीपावली पर पटाखे की खूब बिक्री होती है। इन त्योहारों के लिए लाइसेंसधारक अभी से पटाखे की खेप मंगाने लगे हैं। सुरक्षा मानकों को दरकिनार कर उनका भंडारण किया जा रहा है। सीओ सिटी डॉ. चारु द्विवेदी को मुखबिर ने नगर के मध्य अवैध तरीके से भंडारण की सूचना दी।
सीओ के निर्देशन में सदर कोतवाल सत्येंद्र राय फोर्स के साथ अंबेडरनगर मोहल्ले में पहुंचे। यहां एक मकान के अंदर पटाखे रखे गए थे। भंडारण का कोई लाइसेंस भी नहीं था। जिस जगह पटाखा रखा गया था, उसके चारों तरफ घनी आबादी थी। रास्ते ऐसे थे, जहां आपात स्थिति में पुलिस व फायर ब्रिगेड का वाहन पहुंचने में भी दिक्कत होती। पुलिस ने सारा माल जब्त कर लिया। इसे कोतवाली लाकर छानबीन शुरू कर दी है।
कोतवाल सत्येंद्र राय ने बताया कि मौके से करीब चार क्विंटल पटाखे मिले हैं। इसे अवैध तरीके से भंडारित किया गया था। पूरा माल जब्त कर जांच की जा रही है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं कि बरामद माल किसका है। केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पटाखा कारोबार के लिए 16 लोगों को जारी है लाइसेंस
जिले में पटाखा कारोबार के लिए कुल 16 लोगों को लाइसेंस जारी किए गए हैं। हर लाइसेंसी को यह हिदायत दी गई है कि वह पटाखों का भंडारण आबादी वाले क्षेत्र से दूर करें। वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम हर वक्त मौजूद रहें। साथ ही आवागमन, पानी सहित अन्य सुविधाएं भी रखी जाएं। बावजूद इसके कई लाइसेंसी इसका उल्लंघन कर रहे हैं। हाल में प्रदेश के कुछ इलाकों में हुई घटनाओं के बाद भी सतर्कता नहीं बरती जा रही। जिम्मेदार भी इस मामले में उदासीन बने हुए हैं।