विजयगढ़ दुर्ग पर पूजा स्थल क्षतिग्रस्त होने से नाराजगी, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
- विभिन्न संगठनों ने कार्रवाई न होने पर जेल भरो आंदोलन की दी चेतावनी
विस्तार
भारतीय पुरातत्व विभाग ने प्रशासन और पुलिस की मदद से कुछ दिन पूर्व सोनभद्र जिले के विजयगढ़ दुर्ग पर अतिक्रमण ढहवा दिया था। आरोप है कि इस दौरान पूजा स्थल क्षतिग्रस्त हो गया। इसको लेकर विभिन्न संगठनों ने सोमवार को नाराजगी जताई और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
सोमवार को विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जिले भर में बैठक की और अतिक्रमण हटाने के नाम पर धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ किए जाने की निंदा की। कुछ जगहों पर इसको लेकर विरोध प्रदर्शन भी हुआ। विहिप और बजरंग दल की बैठक सोमवार को राबर्ट्सगंज के रामजानकी मंदिर पर हुई।
इसमें कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर पूजा स्थल पर तोड़फोड़ की गई। मांग की कि इस मामले में जिम्मेदार प्रशासन और पुलिस के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
वहीं अनपरा में विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को ककरी परियोजना के सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में बैठक कर विरोध जताया। कार्रवाई नहीं होने पर जेल भरो आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। इसके अलावा चोपन, बभनी में भी बैठक हुई।
धार्मिक स्थल को नहीं पहुंची है क्षति: डीएम
डीएम ने कहा कि पुरातत्व विभाग ने पहले ही मंदिर के पुजारी और मजार के मौलवी को नोटिस भेजा था। उसमें अतिक्रमण का जिक्र किया गया था। एसडीएम, सीओ को मौके पर भेजा गया और फिर अतिक्रमण हटवाया गया।
अतिक्रमण हटाने के बाद ही कुछ लोग धार्मिक स्थल को क्षति पहुंचाने का आरोप लगाने लगे। ऐसी स्थिति में फिर टीम भेजकर पड़ताल कराई गई है। धार्मिक स्थल को कहीं से नुकसान नहीं पहुंचाया गया है।
विहिप व बजरंग दल के पदाधिकारियों को इस मसले पर बातचीत के लिए मंगलवार सुबह 11 बजे बुलाया गया है। सीओ सदर अभिषेक यादव ने बताया कि इस मामले में क्षेत्रीय लेखपाल की तहरीर पर 17 जुुलाई और मंदिर के पुजारी की तहरीर पर 18 जुलाई को रामपुर बरकोनिया थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।