भारतीय जनता पार्टी की बैठक सोमवार को जिला पार्टी कार्यालय राबर्ट्सगंज पर हुई। मुख्य अतिथि काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री/क्षेत्रीय यात्रा प्रमुख सुशील त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष अजीत चौबे, सदर विधायक भूपेश चौबे व घोरावल विधायक अनिल कुमार मौर्य ने शुभारंभ किया। 23 दिसंबर को राबर्ट्सगंज आने वाली जन विश्वास यात्रा व जनसभा की तैयारी की समीक्षा की गई।
मुख्य अतिथि ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। हम कार्यकर्ताओं को गर्व है कि हम एक ऐसी पार्टी के कार्यकर्ता हैं जो विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। भाजपा सरकार में कश्मीर में धारा 370 को समाप्त किया। अयोध्या में राममंदिर का निर्माण करा रही है और वाराणसी में बाबा विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर का भव्य उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। कहा कि जन विश्वास यात्रा 23 दिसंबर को चंदौली से होकर जिले में प्रवेश करेगी। यात्रा का स्वागत करते हुए तिवारीपुर से बेलखुरी, नई बाजार होते हुए राबर्ट्सगंज की विशाल जनसभा स्थल तक लेकर पहुंचेंगे। विशाल जनसभा में जनपद के हर बूथ से कार्यकर्ता व जनमानस भाग लेंगे। इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा अजीत रावत, महामंत्री रामसुंदर निषाद, कृष्णमुरारी गुप्ता, जीत सिंह खरवार, अमरनाथ पटेल, जिला मीडिया प्रभारी अनूप तिवारी आदि उपस्थित रहे। संचालन जिला उपाध्यक्ष/जिला यात्रा प्रमुख ओमप्रकाश दूबे ने किया।