बलिया में पत्रकारों की गिरफ्तारी के बाद शुरू हुआ आंदोलन सोनभद्र तक पहुंच आया है। प्रशासन की कार्रवाई से नाराज दुद्धी तहसील क्षेत्र के पत्रकारों ने मंगलवार को काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। नगर में जुलूस निकाला और बलिया के डीएम-एसपी पर कार्रवाई और पत्रकारों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग को लेकर ज्ञापन नायब तहसीलदार विशाल कुमार पासवान को सौंपा।
पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस से शुरू हुआ जुलूस म्योरपुर मोड़, संकट मोचन मंदिर, चौक से होकर तहसील परिसर पहुंचा। प्रदर्शनकारी पत्रकारों का उत्पीड़न बंद करो.., फर्जी मुकदमे वापस लो..., बलिया प्रशासन मुर्दाबाद..., प्रेस की आजादी मत छीनो.. जैसे नारे लगा रहे थे। तहसील परिसर में हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि अपनी नाकामी छिपाने के लिए कुछ अधिकारी लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को निशाना बनाकर उत्पीड़न कर रहे हैं। पेपर लीक मामले में बलिया के पत्रकारों को ढाल बनाकर जिला प्रशासन अपनी गर्दन बचा रहा है। विरोध प्रदर्शन में विष्णु अग्रहरि, मो. शमीम अंसारी, देवेश मोहन, भीम जायसवाल, प्रभात कुमार, वीरेंद्र कुमार, राजीव मिश्रा, सुशील गुप्ता, विवेकानंद मिश्रा, जगत नारायण विश्वकर्मा, जितेंद्र अग्रहरि, मदन मोहन तिवारी, रमेश यादव, दैवी शक्ति राजा, नंदकिशोर प्रसाद, संदीप अग्रहरि, मुकेश सोनी, ओमप्रकाश, धर्मेंद्र गुप्ता, पंकज अग्रहरि, अजय गुप्ता, रविशंकर, विकास कुमार आदि शामिल रहे।