सोनभद्र/चोपन। जिले में कोरोना कर्फ्यू के सख्ती का असर कम दिख रहा है। व्यापारी वर्ग से लेकर आम नागरिक इसका उल्लंघन करने में लगे हुए हैं। जिन दुकानों में खरीदारी हो भी रही है तो वहा सोशल डिस्टेंस का पालन नहीं किया जा रहा है। कुछ ऐसा ही नजारा बृहस्पतिवार को बाजारों में देखने को मिला, जहां इसके जमकर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ायी गयी।
जिला मुख्यालय राबर्ट्सगंज, चोपन नगर पंचायत के साथ अन्य बाजारों में बृहस्पतिवार को सोशल डिस्टेंसिंग को धता बताते हुए कारोबारी जहां व्यापार में मगशूल दिखे तो खरीदार भी। इस दौरान पुलिस की सख्ती भी काम नहीं आयी और लोग मनमाने तरीके से खरीदारी करते रहे। कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव को काबू में करने के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से लगातार लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग के मानक को मानने की अपील की जा रही है। इसके लिए लॉकडाउन के बीच प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन ने आम नागरिकों व कारोबारियों की दिक्कतों को ध्यान में रखकर रोजमर्रा के सामानों की बिक्री करने भी छूट दे दी। लेकिन, शर्त भी रखी गई है कि इस दौरान कारोबारी और खरीदार सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह पालन करेंगे। लेकिन सरकार और जिला प्रशासन की तरफ से दी गयी छूट का लोग फायदा उठाते हुए सोशल डिस्टेंसिंग को भूल जा रहे हैं। ईद पर्व के चलते बाजारों में भीड़ इस कदर बढ़ गयी कि कहीं भी सामाजिक दूरी का पालन होता नजर नहीं आया। यही हालत गली -कूचों में खुली दुकानों पर भी देखने को मिला। लेकिन कहीं भी पुलिस के जवान कोरोना कर्फ्यू का पालन कराते हुए नहीं देखे गए। कोरोना जैसी महामारी से बचने के लिए आम नागरिकों को भी खुद ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा।