सोनभद्र। जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड की अगुवाई में कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। आपातकाल दिवस पर कलेक्ट्रेट सभागार में हुई चिंतन गोष्ठी पर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने एडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित करते हुए कार्यक्रम की उच्च स्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग की।
जिलाध्यक्ष रामराज सिंह गोंड ने आरोप लगाया कि 25 जून को आपातकाल विषय पर आयोजित चिंतन गोष्ठी में पूर्व पीएम इंदिरा गांधी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ स्कूली बच्चों के बीच नकारात्मक भाव फैलाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम पूरी तरह से राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित था और इसका मंच कलेक्ट्रेट सभागार जैसे संवैधानिक स्थल पर दिया गया। इससे पूरे जिले में प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहा है। कार्यक्रम में भाजपा के जनप्रतिनिधियों के साथ जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इससे यह साफ होता है कि इसे एकतरफा राजनैतिक मंच के रूप में इस्तेमाल किया गया। पूर्व जिला उपाध्यक्ष बृजेश तिवारी ने कहा कि कलेक्ट्रेट सभागार का दुरुपयोग कर संविधान सम्मत मूल्यों को आघात पहुंचाया गया है। राजेश द्विवेदी ने कहा कि यह चिंतन गोष्ठी नहीं, बल्कि एकतरफा आलोचना का मंच था। इसमें आपातकाल लगाए जाने जैसे ऐतिहासिक निर्णय को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया गया। इस मौके पर पिछड़ा वर्ग विभाग के जिलाध्यक्ष हिमाचल साहनी, राजबली पांडेय, संगीता श्रीवास्तव, ओपी सिंह, शीतला पटेल आदि उपस्थित रहे।