कोयला उद्योग के प्रमुख श्रमिक संगठनों के नेताओं ने मंगलवार को कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात की। नेताओं ने कोयला उद्योग के 11वें वेतन समझौते में देरी सहित कई मुद्दे उठाए। इस पर मंत्री का रुख सकारात्मक रहा।
बैठक में बीएमएस, एटक, एचएमएस व सीटू श्रमिक संगठन के नेता शामिल रहे। नेताओं की मंत्री के साथ बैठक मंगलवार संसद भवन परिसर में हुई। कोयला मंत्री को मजदूर नेताओं ने बताया कि कोल इंडिया लिमिटेड प्रबंधन द्वारा 11वें समझौते को लागू करने के लिए होने वाली जेबीसीआई वार्ता टाली जा रही है। इसके चलते कोयला क्षेत्र के कामगारों में रोष बढ़ रहा है। वार्ता में देरी पर नेताओं ने चिंता व्यक्त करते हुए जोरदार तरीके से पक्ष रखा। नेताओं ने बताया कि कोयला मंत्री ने आश्वासन दिया कि सीआईएल प्रबंधन को शीघ्र समाधान के लिए वार्ता में तेजी लाने के लिए निर्देश जारी किया जाएगा। इस दौरान बीएमएस से के लक्ष्मा रेड्डी, एटक से आरसी सिंह, एचएमएस से नाथूलाल पांडेय, सीटू से डीडी रामानंदन मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान के कोयला सचिव अनिल कुमार जैन, अपर सचिव नागराजन भी मौजूद रहे।