सोनभद्र में 167 पंचायत भवनों की नींव रखेंगे मुख्यमंत्री योगी, तैयारियां तेज
सोनभद्र जिले के 167 ग्राम पंचायतों में नए पंचायत भवनों के निर्माण की तैयारी तेज कर दी गई है। पंचायत राज विभाग इसकी कार्ययोजना बनाने में जुटा है। इसकी आधारशिला जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से रखेंगे। हालांकि शिलान्यास की तिथि अभी घोषित नहीं की गई है।
जिले के 167 ग्राम पंचायतों में से प्रत्येक के निर्माण पर करीब 18 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। पंचायत राज विभाग इसकी कार्ययोजना तैयार करने में जुटा है। डीपीआरओ धनंजय जायसवाल का कहना है कि जल्द कार्ययोजना तैयार कर अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पंचायत भवनों के निर्माण के लिए शिलान्यास जल्द हो सकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ से ऑनलाइन शिलान्यास कर सकते हैं। हालांकि अभी तिथि की घोषणा नहीं हुई है। इसके साथ ही सामुदायिक शौचालयों के निर्माण की गति भी तेज कर दी गई।
जिले के 465 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालयों के निर्माण की योजना है। प्रत्येक सामुदायिक शौचालय के निर्माण पर 6.77 लाख रुपये खर्च किए जाने की कार्ययोजना बनाई गई है। इसका निर्माण 26 जनवरी 2021 तक पूरा करा लेने का लक्ष्य है।