बभनी/रेनुकूट। अम्बिकापुर मुख्य मार्ग पर म्योरपुर थाना क्षेत्र के नधिरा किरबिल के जंगल में बुधवार को सुबह दस बजे बस और ट्रक में आमने सामने टक्कर हो गई। जिसमें बस पर सवार 14 श्रमिक घायल हो गये। सभी को पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया। बस फैजाबाद से ईंट भट्ठे पर काम करने वाले श्रमिकों को लेकर बिलासपुर छत्तीसगढ़ जा रही थी। बस नधिरा किरबिल के जंगल के पास पहुंची, उसी बीच बभनी की तरफ से जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक सड़क से पचास मीटर दूर नीचे चला गया और बस पटरी से नीचे उतर गई। हादसे में ट्रक चालक सहित बस में सवार 14 लोग घायल हो गये। घायलों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गये। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अविनाश चंद्र सिन्हा तथा सब इंस्पेक्टर संजय कुमार पाल मयफोर्स पहुंच गये। हादसे में जैनुल हसन 25, शहजाद 26, शाहरुख 30, लक्ष्मण प्रसाद 18, बालेश्वर 28, दीपक कुमार 29, चंदन पाण्डेय 35,मंगलू 30, चंचल 25, जमुना देवी 25, मनीषा 17, नीता 15, राजकुमारी 25, रीतेश कुमार 02 को चोटें आईं। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर और बभनी में उपचार के लिए भेजा गया। हालत गंभीर होने पर जैनुल हसन, शाहरुख तथा शहजाद को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।