चचेरे भाइयों को राखी बांधने जा रहे सगे भाई-बहन नहर में बहे, मौत
- देर शाम को महोखर गांव के पास नहर में मिला बालक का शव
- तहसीलदार व एसएचओ घटनास्थल पहुंचकर कार्रवाई में जुटे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोनभद्र जिले के पुरना गांव में चचेरे भाई को राखी बांधने के लिए जा रहे सगे भाई-बहन नहर पार करने के दौरान बह गए। नहर में बहने से बालिका और उसके सगे भाई की मौत हो गई। बालिका को शाम करीब चार बजे नहर से बाहर निकाला गया जबकि नहर में डूबे बालक का शव देर शाम को महोखर गांव के समीप नहर में मिला।
रक्षाबंधन के दिन हुए इस हादसे से परिवार में कोहराम में मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार सोमवार को दिन में करीब सवा चार बजे पुरना निवासी सुधा (10) पुत्री गोविंद को उसके परिजन गंभीर हालत में बाइक से लेकर घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टर ने देखते ही सुधा को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर घर वापस लौट गए।
पूर्व ग्राम प्रधान गोविंद सिंह ने बताया कि सुधा सोमवार को घर में अपने भाइयों को राखी बांधने के बाद दोपहर बाद अपने छोटे भाई शनि (7) के साथ घर से निकली थी और धोवा नहर के उस पार अपने चाचा के घर चचेरे भाइयों को राखी बांधने जाने लगी। ग्रामीणों का कहना था कि नहर पार करने के दौरान सुधा और शनि पानी की धारा में बह गए।
काफी देर तक जब दोनों घर लौटकर नहीं आए तो परिजन उन्हें खोजने के लिए निकले। नहर में गुलाबा नंबर तीन पर पाइप के पास सुधा का पांव दिखाई पड़ा। परिजनों ने पानी में उतरकर उसे निकाला। परिजन सुधा को तत्काल बाइक की मदद से घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को बगैर कोई सूचना दिए परिजन शव लेकर वापस लौट गए।
इधर शनि की तलाश में परिजन व ग्रामीण जुटे रहे। देर शाम शनि का शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर महोखर गांव में नहर में मिला। मृतका सुधा व शनि दोनों सगे भाई-बहन हैं। उधर घटना की जानकारी होते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। तहसीलदार विकास पांडेय और प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक विधिक कार्रवाई में जुटे रहे।