{"_id":"661e193057d459682f0d874d","slug":"bjp-released-list-for-assembly-by-elections-2024-04-16","type":"story","status":"publish","title_hn":"UP Politics: विधानसभा उपचुनाव के लिए BJP ने जारी की सूची, सोनभद्र से श्रवण गोंड को बनाया प्रत्याशी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP Politics: विधानसभा उपचुनाव के लिए BJP ने जारी की सूची, सोनभद्र से श्रवण गोंड को बनाया प्रत्याशी
Tue, 16 Apr 2024 12:31 PM IST
अमन विश्वकर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, सोनभद्र
अमर उजाला नेटवर्क, सोनभद्र
Published by: अमन विश्वकर्मा
Updated Tue, 16 Apr 2024 12:31 PM IST
सार
UP Politics: जारी लिस्ट में दुद्धी (सोनभद्र) का नाम है।
विज्ञापन
श्रवण गोंड
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
आम विधानसभा उप-चुनाव में भाजपा ने सोनभद्र के श्रवण गोंड को प्रत्याशी बनाया है। जारी लिस्ट में तेलंगाना के साथ यूपी के चार जिलों में प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। यूपी के ददरौल, लखनऊ पूर्व, गैंसड़ी और दुद्धी (सोनभद्र) का नाम है।
विज्ञापन
सोनभद्र के दुद्धी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भाजपा ने भी पत्ते खोल दिए हैं। अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट पर पार्टी ने श्रवण गोंड को उम्मीदवार बनाया है। श्रवण गोंड आरएसएस के जिला प्रचारक रह चुके हैं। अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग और राज्य वन जीव बोर्ड के सदस्य भी रहे हैं।
विज्ञापन
पार्टी कैडर के पुराने कार्यकर्ता पर दांव लगाकर भाजपा ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। इस सीट पर सपा ने पूर्व मंत्री और दिग्गज आदिवासी नेता विजय सिंह गोंड को उम्मीदवार बनाया है।
विज्ञापन
यूपी विधानसभा की अंतिम सीट दुद्धी सपा का मजबूत गढ़ रही है। वर्ष 2022 के चुनाव में पहली बार इस सीट पर भाजपा उम्मीदवार के रूप में रामदुलार गोंड विधायक चुने गए थे, मगर वह अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए। पिछले साल 15 दिसंबर को सोनभद्र की एमपी-एमएलए कोर्ट ने किशोरी से दुष्कर्म के पुराने मामले में रामदुलार को 25 वर्ष सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उनकी विधानसभा से सदस्यता खत्म हो गई थी।
इसके बाद से ही इस सीट पर उपचुनाव की सरगर्मी शुरू हो गई थी। सपा ने सीट रिक्त होने के तुरंत बाद ही विजय सिंह गोंड को उम्मीदवार घोषित कर दिया था। इसके बाद से ही भाजपा उम्मीदवार पर सबकी निगाहें लगी थी। मंगलवार को पार्टी ने पत्ते खोलते हुए पुराने कार्यकर्ता श्रवण गोंड के नाम पर मुहर लगाई। दुद्धी ब्लॉक के धुमा गांव निवासी श्रवण गोंड संघ के पूर्णकालिक स्वयं सेवक रहे हैं।
नगर व जिला प्रचारक के अलावा उन्होंने सेवा समर्पण संस्थान के विभाग संगठन मंत्री के रूप में भी काम किया है। भाजपा जनजाति मोर्चा के वह निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं। वर्ष 2017 में ओबरा और दुद्धी सीट का आरक्षण जनजाति के लिए होने के बाद से ही श्रवण गोंड को टिकट का दावेदार माना जा रहा था। अब उपचुनाव में उन्हें मौका दिया गया है।