Sonbhadra: मिनी बस की चपेट में आने से बाइक सवार जीजा-साले की मौत, दोनों बाजार से लौट रहे थे घर
सोनभद्र जिले के किरबिल गांव निवासी चंद्रिका प्रजापति (21) पुत्र अपने साले विवेक (12) के साथ देर शाम बाइक से बाजार गया था। लौटते समय मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर मिनी बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दोनों की मौके पर मौत हो गई।
विस्तार
सोनभद्र जिले के किरबिल गांव के पास शुक्रवार की शाम मिनी बस की चपेट में आने से जीजा-साले की मौत हो गई। दोनों बाइक से कहीं जा रहे थे। हादसे से दोनों के परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
म्योरपुर के किरबिल गांव निवासी चंद्रिका प्रजापति (21) पुत्र अर्जुन प्रजापति गांव के रहने वाले ही अपने साले विवेक (12) पुत्र रामनंदन प्रजापति के साथ देर शाम बाइक से बाजार गया था। लौटते समय मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर बभनी की ओर से तेज रफ्तार आ रही मिनी बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
दोनों सवार सवार सड़क पर गिर पड़े। टक्कर इतनी तेज थी कि विवेक प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने आनन-फानन चंद्रिका को सीएचसी म्योरपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
बस चालक की तलाश
परिजन चंद्रिका को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इससे दोनों परिवारों पर विपत्ति का पहाड़ टूट पड़ा। एसआई तेरसू यादव ने बताया कि विवेक का शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया है। बस को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें: भरोसे में लेकर युवक को घर से बुलाया, दो दिन बाद फेंका मिला शव, गुस्साए परिजनों ने किया चक्काजाम
बोलेरो से टकराई बाइक, चार दोस्त घायल, एक की मौत
विंढमगंज थाना क्षेत्र के हरनाकछार गांव स्थित दशरथ मोड़ तिराहे पर शुक्रवार को बाइक और बोलेरो में टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। उसके तीन साथी घायल हो गए। उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने दो को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
धरतीडोलवा ग्राम पंचायत निवासी राकेश (20), छोटू (18), अरुण (18) और राजन (20) किसी काम से दुद्धी जा रहे थे। चारों एक बाइक पर सवार थे। रांची-रीवा मार्ग पर हरनाकछार गांव स्थित दशरथ मोड़ तिराहे के पास उनकी बाइक विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो से टकरा गई। हादसे में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हुए। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को सीएचसी दुद्धी पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने अरुण को मृत घोषित कर दिया।
वहीं छोटू और राजन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अरुण के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम प्रधान सुरेंद्र पासवान व हरनाकछार ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन सोनी आदि ने बताया कि दशरथ मोड़ तिराहे के पास रोड से सटे विशाल आम का वृक्ष होने के कारण आए दिन दुर्घटना होती रहती हैं। शुक्रवार की घटना के पीछे भी यह पेड़ प्रमुख वजह रहा। थानाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने बताश कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायल युवकों का उपचार चल रहा है। बोलेरो को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।