कचहरी स्थित सोनभद्र बार एसोसिएशन सभागार में सोमवार को अध्यक्ष, महामंत्री समेत चार पदों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण मतदान कराया गया। कुल 780 में से 663 मतदाताओं ने वोट दिया। मतपेटी को कड़ी सुरक्षा में सील कर दिया गया है। मंगलवार को मतगणना के बाद परिणाम की घोषणा की जाएगी।
बार चुनाव में अबकी बार अध्यक्ष, महामंत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष व कोषाध्यक्ष पदों पर मुकाबला था। सुबह 11 बजे एल्डर कमेटी चेयरमैन, एल्डर कमेटी सदस्य, मुख्य चुनाव अधिकारी व सहायक चुनाव अधिकारीगण, प्रत्याशी एवं अभिकर्ताओं की मौजूदगी में मतपेटी रखी गई। अध्यक्ष पद पर महेंद्र प्रसाद शुक्ल, हेमनाथ द्विवेदी व संतोष पांडेय के बीच कांटे का मुकाबला देखने को मिला। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर शिवराज सिंह एवं अंशुमान सिंह तथा कोषाध्यक्ष पद पर भानु प्रताप व सुरेश मिश्र के बीच सीधा मुकाबला है। सबसे दिलचस्प मुकाबला महामंत्री पद पर है, जिसमें पांच प्रत्याशी आनंद मिश्र, चंद्रपाल शुक्ल, मनोज दुबे, कुशकांत मौर्य व अशोक कुमार हैं। शेष पदों पर अकेले प्रत्याशी होने की वजह से निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि आधिकारिक रूप से इसकी घोषणा मतगणना के बाद की जाएगी। सहायक चुनाव अधिकारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि कुल 780 मतदाता थे, जिनमें से 663 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। कुल 85 प्रतिशत मत पड़ा है। मंगलवार को मतगणना होगी और विजयी पदाधिकारियों की घोषणा की जाएगी।

राबर्ट्सगंज कचहरी स्थित सोनभद्र बार एसोसिएशन के चुनाव में मतदान के दौरान समर्थक अधिवक्ताओं की ल- फोटो : SONBHADRA