रेणुकूट। स्थानीय नगर निवासी व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष व मुर्धवा से क्षेत्र पंचायत सदस्य अजय कुमार राय ने सीएम पोर्टल को सफेद हाथी बताते हुए गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि सीएम पोर्टल पर निस्तारण प्रशासनिक मशीनरी कर रही है। निस्तारण मनमानी तरीके से किया जा रहा है और शिकायतकर्ता से बातचीत के बगैर ही मामले को निस्तारित कर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वह पिछले कई माह के दौरान परिवहन विभाग, सड़क, सब्जी मंडी की समस्या, नगर पंचायत समेत कई अन्य मामलों को लेकर सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा चुके हैं मगर हर मामले का निस्तारण अधिकारियों द्वारा मनमानी तरीके से करके खानापूर्ति कर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीएम पोर्टल मात्र कागजी खानापूर्ति तक ही सीमित रह गया है। सड़क पर दौड़ रहे ओवरलोड वाहन के संबंध में उन्होंने सीएम पोर्टल पर शिकायत की तो अधिकारियों ने इस पर कोई कार्रवाई ना कर रिपोर्ट लगा दी गई थी। ओवरलोड वाहनों पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है जबकि आज भी ओवरलोड वाहन सड़कों पर प्रतिदिन दौड़ रहे हैं। खस्ताहाल सड़कों के संबंध में शिकायत की गई तो उसकी भी रिपोर्ट मनमाने तरीके से रिपोर्ट लगाकर मामला निस्तारित कर दिया गया। हर मामले का निपटारा अधिकारियों द्वारा मनमानी तरीके से कर दिया जा रहा है और शिकायतकर्ता को बताया भी नहीं जा रहा है।