सोनभद्र : 34 लाख की एल्युमीनियम सिल्ली एटा से बरामद, रेणुकूट से निकला ट्रक रास्ते से हुआ था गायब
पुलिस टीम ने बीते रविवार को जनपद एटा से दो अभियुक्तों को इस मामले में गिरफ्तार किया। उनके पास से कुल 667 एल्युमीनियम सिल्ली बरामद की गई जिसका अनुमानित मूल्य 34 लाख रुपये है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोनभद्र की क्राइम ब्रांच व पिपरी पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता मिली। टीम ने 34 लाख की 667 एल्युमीनियम सिल्ली एटा से बरामद की। साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रेणुकूट से ट्रक में लादकर रुड़की जा रही सिल्ली रास्ते से गायब हो गई थी।
पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि बीते 12 अप्रैल 2021 को सुमन कुमार जायसवाल पुत्र धर्मदेव प्रसाद जायसवाल निवासी विवेकानंद कालोनी थाना पिपरी ने सूचना दी कि उनकी ट्रांसपोर्ट कंपनी द्वारा 24 मार्च 2021 को हिंडाल्को से 924 एल्युमीनियम सिल्ली जिसका कुल वजन 20.89 टन था, वाहन संख्या एचआर 73-2657 से रुड़की भेजा जा रहा था।
वाहन चालक राजेंद्र पाल सिंह पुत्र रामचंद सिंह निवासी ग्राम फफौदा खरखोदा मेरठ का था। चालक वाहन लेकर नियत समय पर अपने गंतव्य पर नहीं पहुंचा। मामले में थाना पिपरी में केस दर्ज किया गया। एसपी ने अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय व क्षेत्राधिकारी पिपरी के निर्देशन में स्वाट, एसओजी, सर्विलांस टीम और थाना प्रभारी पिपरी की संयुक्त टीम गठित की।
टीम ने बीते रविवार को जनपद एटा से दो अभियुक्तों को इस मामले में गिरफ्तार किया। उनके पास से कुल 667 एल्युमीनियम सिल्ली बरामद की गई जिसका अनुमानित मूल्य 34 लाख रुपये है। पूछताछ करने पर आरोपी मोहम्मद आरिफ पुत्र अब्दुल हाफिज निवासी सराय सकिट एटा और मोबीन अहमद पुत्र समी अहमद निवासी मारहरा गेट थाना कोतवाली नगर एटा ने बताया कि उन्होंने ये एल्युमीनियम सिल्ली चालक राजेंद्र पाल सिंह से 117 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा था।
इसके पास से बिक्री के 50 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। टीम अब चालक की तलाश में है। टीम में पिपरी प्रभारी निरीक्षक अंजनी राय, एसओजी प्रभारी श्याम बहादुर यादव, प्रभारी सर्विलांस सेल एसआई सरोजमा सिंह, स्वाट टीम प्रभारी एसआई अमित त्रिपाठी प्रभारी, रेणुकूट चौकी प्रभारी भानु प्रताप सिंह समेत कई पुलिस कर्मी शामिल रहे।