चोपन। विश्व हिंदू परिषद सोनभद्र की बैठक मंगलवार को चोपन स्थित कैंप कार्यालय में हुई। अध्यक्षता करते हुए विहिप जिलाध्यक्ष विद्याशंकर पांडेय ने सभी प्रखंड पदाधिकारियों से 13 और 14 अगस्त को बजरंग दल के बैनर तले न्याय पंचायत स्तर पर अखंड भारत संकल्प दिवस समारोहपूर्वक मनाने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि किन्हीं कारणों से देश की जो सीमाएं विभाजित हुई हैं, उन्हें पुन: प्राप्त करने के संकल्प के लिए समाज को जागरूक करना जरूरी है। अपनी खंडित सीमाओं का स्मरण करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब यह संदेश जन-जन तक पहुंचेगा तो समाज में अपनी विभाजित सीमाओं को पुन: प्राप्त करने की भावना मजबूत होगी। इसके लिए अखंड भारत के संकल्प को एक प्रकल्प के रूप में हृदय में धारण करने और संकल्प को अडिग रखने की आवश्यकता है। बैठक में प्रांत उपाध्यक्ष जनार्दन और प्रांत धर्म प्रसार प्रमुख नरसिंह त्रिपाठी की मौजूदगी रही। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष कमलेश दुबे, जिला धर्माचार्य संपर्क प्रमुख बृजेश मोदनवाल, जिला गोरक्षा प्रमुख जयप्रकाशधार दुबे, प्रखंड उपाध्यक्ष नागेश सिंह, प्रखंड मंत्री सोनू मोदनवाल, सह प्रखंड मंत्री श्याम सुंदर निषाद, प्रचार प्रसार प्रमुख सुजीत शर्मा, गोरक्षा प्रमुख विकास गुप्ता आदि मौजूद रहे।