सोनभद्र। आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जिलाध्यक्ष नीरज पांडेय के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन कर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (संशोधन) अधिनियम-2021 का विरोध किया। इसके बाद ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार संसद में बिल लाकर चुनी हुई दिल्ली सरकार के अधिकार कम करने की साजिश कर रही है। इस बिल के पास होने के बाद सरकार के अधिकार कम हो जाएंगे और एलजी के अधिकार बढ़ जाएंगे। जिला प्रभारी जयशंकर पांडेय ने कहा कि दिल्ली विधानसभा में मिली करारी हार, एमसीडी उपचुनाव में हार और दिल्ली से लेकर गुजरात तक जिस तरह से आम आदमी पार्टी की लोकप्रियता बढ़ी हैै, उससे भाजपा परेशान है। इसलिए भाजपा एक बार पुन: दिल्ली में षड्यंत्र कर रही है। जिला उपाध्यक्ष शिशिर त्रिपाठी व जिला महासचिव रमेश गौतम ने भी सभा को संबोधित किया। कार्यकर्ताओं ने बिल को वापस लेने की मांग की। धरना प्रदर्शन करने वालों में मुख्य रूप से विधानसभा अध्यक्ष दिनेश, आनंद मंडल, कमलेश भारती, अनवर अली, सोनी देवी, सुरेश शुक्ला, शंभूनाथ, डॉ. राजेंद्र, राजेंद्र मौर्या, कमला प्रसाद, समीर खान, सुरेंद्र पटेल, प्रदीप, शिवमूरत मौर्या, राजीव मौर्या, उर्मिला देवी, परदेशी पटेल, विजय गुप्ता, शुभम द्विवेदी आदि शामिल रहे।