सोनभद्र। जिले में शुक्रवार को 46 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। इसके साथ ही जिले में मरीजों की संख्या 2910 हो गई है। पूर्व में संक्रमित मिले लोगों में से 27 मरीज शुक्रवार को इलाज के बाद स्वस्थ भी घोषित किए गए। अब तक 2608 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव मामले में 269 हो गए हैं।
चिकित्सकों की टीमें शुक्रवार को भी रेंडम व संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आने वालों तथा कैंटेनमेंट जोन में रहने वालों के सैंपल लेने में जुटी रहीं। टीमों ने कुल 1165 लोगों के सैंपल लिए गए। पूर्व में भेजे गए सैंपल में से 1421 लोगों की शुक्रवार को रिपोर्ट भी आई जिसमें 46 पाजिटिव और 1119 निगेटिव मिले। सीएमओ के मुताबिक अब तक कुल 110965 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से 109740 लोगों की रिपोर्ट आई है। जिसमें 2910 पॉजिटिव और 106830 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव मिली है। अन्य 1225 लोगों के सैंपल की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। जिले में एक्टिव मामले 269 हो गए हैं। संक्रमित मिले मरीजों में से चार की मौत सोनभद्र और 29 अन्य की मौत दूसरे जिलों में हुई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को पाजिटिव मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराने के लिए अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। उधर, एसडीएम केएस पांडेय का कहना है कि संक्रमित मिले लोगों के आवास व आसपास के इलाकों को सील कर सैनिटाइज कराया जा रहा है। कंटेनमेंट जोन में बैरिकेडिंग कराई जा रही है।