सलखन। वासंतिक नवरात्र के आठवें दिन शनिवार को क्षेत्र की 251 कन्याओं ने चोपन स्थित सोन नदी से कलश यात्रा निकाली। नंगे पांव कलश लेकर कन्याएं राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड की अगुवाई में चलते हुए मां चुड़ीहर मंदिर सलखन पहुंचीं। यहां मातारानी का जलाभिषेक किया गया।
कलश यात्रा मां चुड़ीहर मंदिर सेवा समिति के बैनर तले निकाला गया। डीजे पर बज रहे भक्तिगीतों पर श्रद्धालु नाचते गाते चल रहे थे। चुड़िहर मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष रामलोचन ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी नवरात्र पर हवन पूजन के साथ कन्या पूजन भोजन दान के पश्चात भंडारे का आयोजन किया गया। कलश यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस फोर्स तैनात रही। इस मौके पर मुख्य रूप से अरविंद कुमार सिंह गोंड, प्रधान प्रतिनिधि भोला प्रसाद जायसवाल, डॉ. राजबीर, प्रदीप कुमार, विनोद कुमार, विश्वकर्मा, विजय कुमार, सुमित, पवन आदि मौजूद रहे।