सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वाराणसी से देशभर के लगभग 10 करोड़ किसानों को डिजिटल माध्यम से करीब 21 हजार करोड़ रुपये की धनराशि सीधे उनके खातों में ट्रांसफर की। रॉबर्ट्सगंज ब्लॉक सभागार में उनके कार्यक्रम का प्रसारण किया गया।
ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की, जबकि मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मवीर तिवारी रहे। कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष यादवेंद्र दत्त द्विवेदी, महामंत्री अनिल सिंह सहित कई कार्यकर्ता व किसान मौजूद रहे। मुख्य अतिथि डॉ. तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार पारदर्शी व्यवस्था के तहत योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचा रही है
ब्लॉक प्रमुख रावत ने कहा कि सरकार किसानों के सम्मान व विकास के लिए समर्पित है। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष दिलीप चौबे, विनय श्रीवास्तव, कमलेश खांभे, सुरेश शुक्ला, अनुपम शुक्ला समेत बड़ी संख्या में किसान और अधिकारी मौजूद रहे।