चोपन। अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर के निर्माण के लिए जिले में चलाये जा रहे समर्पण अभियान में मुस्लिम समाज के लोग भी बढ़ चढ़कर दान कर रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को चोपन नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन स्व. इम्तियाज अहमद के पुत्र अनीस अहमद और अयान ने संयुक्त रूप से एक लाख 51 हजार रुपये की समर्पण राशि अपने पिता की याद में राम मंदिर के निर्माण के लिए दान किया।
इसी तरह ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि उस्मान अली ने भी आरएसएस के विभाग प्रचारक नितिन को एक लाख 51 हजार रुपये मंदिर निर्माण के लिए दान किया। इससे पहले उन्होंने मौके पर उपस्थित सभी सदस्यों को अंगवस्त्रम भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर वन्यजीव बोर्ड के सदस्य श्रवण, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक मिश्रा, एसके चौबे, रेलवे बोर्ड सलाहकार समिति के सदस्य बृजेश कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।